देहरादून। 21 जून 2025 उत्तराखंड में हरिद्वार जिला छोड़ कर प्रदेश के अन्य 12 जिलों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव कराए जाने संबंधित अधिसूचना जारी हो गई है। उत्तराखंड शासन की ओर से चुनावी कार्यक्रम की अधिसूचना जारी होने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने शनिवार को प्रेसवार्ता को संबोधित कर जानकारी दी। राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से आरक्षण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई थी। साथ ही राज्य निर्वाचन आयोग को भी भेज दिया था। ऐसे में पंचायती राज सचिव की ओर से चुनावी अधिसूचना 21 जून को जारी होने के बाद अब जिला निर्वाचन अधिकारी 23 जून को चुनाव की सूचना जारी करेंगे।जारी अधिसूचना के अनुसार, प्रदेश में दो चरणों में पंचायत चुनाव कराए जाएंगे साथ ही 19 जुलाई को एक साथ मतगणना होगी।

राज्य निर्वाचन की ओर से अधिसूचना जारी किए जाने के बाद प्रदेश के पंचायतों में मतगणना समाप्ति तक आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। उत्तराखंड के 12 जिलों में पंचायत चुनाव होने हैं जिसके तहत 89 विकासखंडों और 7499 ग्राम पंचायतों में चुनाव कराए जाएंगे प्रदेश के 12 जिलों में 66 हजार 418 पदों पर चुनाव होने हैं जिसमें से सदस्य ग्राम पंचायत के 55 हजार 587 पद, प्रधान ग्राम पंचायत के 7499 पद, सदस्य क्षेत्र पंचायत के 2974 पद और सदस्य जिला पंचायत के 358 पदों पर चुनाव होने हैं। हरिद्वार जिला छोड़ प्रदेश के कुल 66 हजार 418 पदों पर चुनाव होने हैं. जिसके लिए प्रदेश भर में कुल 8276 मतदान केंद्र जबकि 10 हजार 529 मतदान स्थल बनाए गए हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी किया गया चुनावी कार्यक्रम:
21 जून को पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी हुई.
25 जून से 28 जून 2025 तक सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक नामांकन की प्रक्रिया चलेगी।
29 जून से 1 जुलाई तक सुबह 8 बजे से कार्य समाप्ति तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी।
2 जुलाई को सुबह 8 बजे से शाम 3 तक नाम वापसी की तिथि रखी गई है।
दो चरणों में त्रिस्तरीय पंचायतों के चुनाव होंगे।
पहले चरण के चुनाव चिन्ह का आवंटन 3 जुलाई को सुबह 8 बजे से कार्य समाप्ति तक किया जाएगा.
पहले चरण का मतदान 10 जुलाई को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगा।
दूसरे चरण के चुनाव चिन्ह का आवंटन 8 जुलाई को सुबह 8 बजे से कार्य समाप्ति तक किया जाएगा.
दूसरे चरण का मतदान 15 जुलाई को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगा।
दोनों चरणों के चुनाव की मतगणना एक साथ 19 जुलाई को सुबह 8 बजे से कार्य समाप्ति तक किया जाएगा।
4.93 लाख नए मतदाता: राज्य चुनाव निर्वाचन आयोग के मुताबिक, प्रदेश के 12 जिलों में मतदाताओं की संख्या 47 लाख 77 हजार 72 है।जिसमें 24 हजार 65 हजार 702 पुरुष मतदाता और 23 लाख 10 हजार 996 महिला मतदाता के साथ ही 374 अन्य मतदाता शमिल हैं. साल 2019 के मुकाबले साल 2025 में मतदाताओं की संख्या में करीब 10.57 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।यानी कुल 4 लाख 56 हजार 793 मतदाता बढ़े है।
मत पत्रों का रंग तय: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर, पदों के अनुसार मत पत्रों का रंग भी तय किया गया है. जिसके तहत ग्राम पंचायत सदस्य के लिए सफेद रंग का मतपत्र, प्रधान के लिए हरा रंग का मतपत्र होगा. क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए नीला रंग का मतपत्र होगा. जिला पंचायत सदस्य के लिए गुलाबी रंग का मतपत्र होगा.
66 प्रेक्षक होंगे तैनात: राज्य निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के अनुसार, मतदान और मतगणना के लिए कुल 95 हजार 909 अधिकारियों/ कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी. जिसके तहत मतदान स्थल पर पीठासीन अधिकारियों के रूप में 11 हजार 849 कर्मचारियों, मतदान स्थल पर मतदान अधिकारियों के रूप में 47 हजार 910 कर्मचारियों, सेक्टर मजिस्ट्रेट/जोनल मजिस्ट्रेट/नोडल अधिकारी/ प्रभारी अधिकारियों के रूप में 450 अधिकारियों और मतदान स्थलों पर 35 हजार 700 सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी। पंचायत चुनाव के लिए कुल 5620 वाहन लगाए जाएंगे जिसमें 3342 हल्के वाहन और 2278 भारी वाहन शामिल हैं।पंचायत चुनाव में 55 सामान्य प्रेक्षकों और 12 आरक्षित प्रेक्षकों की तैनाती की जाएगी।यानी कुल 67 प्रेक्षक तैनात किए जाएंगे।
रेंडमाइजेशन प्रणाली के होंगी मतदान और मतगणना कर्मियों की तैनाती: मतदान और मतगणना की प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष रूप से किए जाने को लेकर मतदान एवं मतगणना कर्मियों की तैनाती सॉफ्टवेयर के जरिए रेंडमाइजेशन प्रणाली से की जाएगी. त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान अवैध मदिरा, मादक पदार्थ, नकदी समेत अन्य प्रकार की चीजों पर लगाम लगाए जाने को लेकर जिला स्तर पर जब्ती/ पर्वतन के लिए 3 टीमें गठित की जाएंगी।
प्रदेश के इन विकासखंडों में पहले चरण में किए जाएंगे चुनाव
प्रदेश के इन विकासखंडों में पहले चरण में होगा चुनाव: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में प्रदेश के 49 विकासखंडों में चुनाव कराए जाएंगे। जिसमें ताकुला, धौलादेवी, ताड़ीखेत भैंसियाछाना, लमगड़ा, चौखुटिया, खटीमा, सितारगंज, गदरपुर, बाजपुर, लोहाघाट, पाटी, धारचूला, डीडीहाट, मुनस्यारी, कनालीछीना, बेतालघाट, ओखलकाण्डा, रामगढ, धारी, बागेश्वर, गरूड़, कपकोट, मोरी, पुरोला, नौगांव, देवाल, थराली, ज्योतिर्मठ, नारायणबगड़, जौनपुर, प्रतापनगर, जाखणीधार, थौलधार, भिलंगना, चकराता, कालसी, विकासनगर, खिर्सु, पाबौ, थलीसैंण, नैनीडाण्डा, बीरौंखाल, रिखणीखाल, एकेश्वर, पोखड़ा, ऊखीमठ, जखोली और अगस्त्यमुनि विकास खंड में पहले चरण में चुनाव कराए जाएंगे. यानी इन क्षेत्रों में 10 जुलाई को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा।
प्रदेश के इन विकासखंडों में दूसरे चरण में कराए जाएंगे चुनाव
प्रदेश के इन विकासखंडों में दूसरे चरण में होगा चुनाव: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में प्रदेश के 40 विकासखंडों में चुनाव कराए जाएंगे।जिसमें सल्ट, स्याल्दे, भिकियासैंण, हवालबाग, द्वाराहाट, रूद्रपुर, काशीपुर, जसपुर, चंपावत, बाराकोट, विण, मूनाकोट, बेरीनाग, गंगोलीहाट, हल्द्वानी, रामनगर, भीमताल, कोटाबाग, डुण्डा, चिन्यालीसौड, भटवाड़ी, पोखरी, दशोली, नन्दानगर, कर्णप्रयाग, गैरसैंण, कीर्तिनगर, देवप्रयाग, नरेंद्रनगर, चंबा, डोईवाला, रायपुर, सहसपुर, यमकेश्वर, जयहरीखाल, दुगड्डा, द्वारीखाल, पौड़ी, कोट और कल्जीखाल विकास खंड में दूसरे चरण में चुनाव कराए जाएंगे. यानी इन क्षेत्रों में 15 जुलाई को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा।


सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
