oplus_0
काशीपुर। 125 वर्ष पुराने इस्लामिया स्कूल (मोहल्ला काजीबाग, काशीपुर) के संचालन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। विद्यालय की देखरेख शुरू से सुन्नी समाज करता आया है, लेकिन अब देवबंदी तबके के कुछ लोगों ने वक्फ बोर्ड में समिति रजिस्टर्ड कराकर स्कूल पर कब्जा करने की कोशिश की है। इसका सुन्नी समाज ने कड़ा विरोध किया है।

इसी मुद्दे को लेकर समाज के लोगों ने तहसीलदार पंकज कुमार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई है कि विद्यालय की कार्यकारिणी समिति का चुनाव कराया जाए और निर्वाचित अध्यक्ष की देखरेख में ही स्कूल का संचालन हो।
125 साल पुराना इस्लामिया स्कूल विवादों में घिरा,सीएम को सौंपा ज्ञापन
ज्ञापन में कहा गया कि प्रबंध समिति के विवाद के चलते विद्यालय लंबे समय से बंद है। स्थानीय लोगों और मुन्नी बरेली समेत कुछ युवाओं ने प्रयास कर जर्जर भवन की मरम्मत, पानी की टंकी, दरवाजे-खिड़कियाँ, पाइपलाइन और फर्नीचर की व्यवस्था कर विद्यालय को पुनः चालू करने की पहल की।

इस मौके पर समाजसेवी एडवोकेट मोहम्मद अशरफ सिद्दीकी और डॉ. एम.ए. राहुल ने तहसीलदार से आग्रह किया कि पिछले 125 वर्षों से इस विद्यालय की प्रबंधन समिति बरेलवी समाज ही चलाता आया है। अब गुपचुप तरीके से चार लोगों ने वक्फ बोर्ड से समिति का पंजीकरण कराकर इस्लामिया स्कूल को हड़पने की कोशिश की है, जिसे बरेलवी समाज किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने तहसीलदार से स्पष्ट कहा कि विद्यालय के प्रबंधन के लिए निष्पक्ष चुनाव कराया जाए।
???? तहसीलदार का बयान
तहसीलदार पंकज कुमार ने बताया कि कुछ लोग इस्लामिया स्कूल के संबंध में समिति बनाकर वक्फ बोर्ड से आदेश लेकर आए हैं और स्कूल को अपने अधीन लेना चाहते हैं। इसका सुन्नी समाज विरोध कर रहा है। उनका आरोप है कि गुपचुप तरीके से देवबंदी तबके के लोग स्कूल पर कब्जा करना चाहते हैं। तहसीलदार ने कहा कि इस प्रकरण में दोनों पक्षों को मंगलवार तक का समय दिया गया है और मंगलवार को बैठक कर वार्ता के जरिए समाधान निकाला जाएगा।
नागरिकों ने स्पष्ट किया कि यह विद्यालय न केवल एक मदरसा है बल्कि क्षेत्र का ऐतिहासिक शिक्षा केंद्र है, जहाँ से अब तक हजारों बच्चे शिक्षा प्राप्त कर चुके हैं। लेकिन विवाद के चलते वर्तमान में विद्यालय बंद होने से बच्चों का भविष्य अधर में लटक गया है।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
