काशीपुर। 22 सितंबर 2025 रविवार रात एक जुलूस के दौरान बड़ा बवाल हो गया। मोहल्ला अल्ली खा क्षेत्र से बिना अनुमति निकाले गए जुलूस में शामिल उपद्रवियों ने पुलिस पर हमला कर दिया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि कोतवाली में तैनात वरिष्ठ उपनिरीक्षक (एसआई) अनिल जोशी पर भीड़ ने जानलेवा हमला कर दिया।

दो युवकों ने बचाई एसआई की जान
घटना के दौरान जहाँ कुछ उपद्रवी एसआई अनिल जोशी को घेरकर पीट रहे थे, वहीं भीड़ में शामिल दो युवकों ने बहादुरी दिखाते हुए उनकी जान बचाई। दोनों युवकों ने जोशी को जबरन भीड़ से बाहर निकालकर सुरक्षित किया। यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया।

पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त, मुकदमा दर्ज
जुलूस में शामिल उपद्रवियों ने पुलिस की गाड़ी को भी तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया। मामले में पुलिस ने तीन लोगों को नामजद करते हुए लगभग 400 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस में मुख्य आरोपी नदीम अख्तर को भी गिरफ्तार कर लिया है उसके साथ करीब सात अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है।

बुलडोज़र कार्रवाई
सोमवार को पुलिस और प्रशासन ने मोहल्ला अल्ली खा में पहुंचकर उपद्रवियों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की। इस दौरान अतिक्रमण हटाए गए। अधिकारियों ने साफ किया कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

एडीएम पंकज उपाध्याय ने कहा –
“कि जो लोग कानून अपने हाथ में लेंगे, उन पर कड़ी कार्रवाई होगी। उपद्रवियों को किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाएगा।“
अपर पुलिस अधीक्षक अभय प्रताप सिंह ने बताया –
“तीन नामजद और सैकड़ों अज्ञात उपद्रवियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। दोषियों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जा रही है।”
स्थानीय लोगों की नाराजगी
हालांकि इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों ने विरोध भी जताया है। लोगों का कहना है कि उपद्रवियों के साथ निर्दोष परिवारों पर भी बुलडोजर चलाया गया है। उनका कहना है कि उनके घरों के सामने जुलूस गुजरा, उनका कोई दोष नहीं था। बावजूद इसके प्रशासन ने उनके मकानों के बाहर भी तोड़फोड़ की है।

सवालों के घेरे में कार्रवाई
काशीपुर का यह मामला अब दो सवाल खड़े कर रहा है –
- उपद्रवियों की पहचान और गिरफ्तारी कितनी प्रभावी होगी?
- क्या प्रशासन निर्दोष लोगों को भी सजा दे रहा है?
फिलहाल पुलिस का कहना है कि सभी उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और किसी निर्दोष को परेशान नहीं किया जाएगा।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
