रुद्रपुर, 04 अक्टूबर।
तहसील रुद्रपुर के ग्राम अमरपुर में शनिवार को जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने खरीफ फसल धान की क्रॉप कटिंग की। इस दौरान उन्होंने कृषक जितेन्द्र कुमार के खेत का निरीक्षण कर फसल की गुणवत्ता, पैदावार और खेती में अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों का जायजा लिया।

कृषक के खेत में 43.3 वर्ग मीटर क्षेत्र में की गई क्रॉप कटिंग से 30.20 किलो धान का उत्पादन दर्ज किया गया। संपूर्ण प्रक्रिया को भारत सरकार के कृषि उत्पादन ऐप GCES और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के ऐप CCE AGRI के माध्यम से पोर्टल पर अपलोड किया गया। अधिकारियों के अनुसार इस प्रक्रिया से फसलों की औसत उपज, उत्पादन क्षमता और कृषि नीति निर्धारण के लिए सटीक आंकड़े उपलब्ध होंगे।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने किसान से बीज, उर्वरक, कीटनाशक और खेती की विधियों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने किसानों को आधुनिक तकनीकों और नवाचारों को अपनाने की सलाह दी।
जिलाधिकारी भदौरिया ने कहा कि “आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर किसान फसल की पैदावार बढ़ा सकते हैं और गुणवत्ता में भी सुधार कर सकते हैं। जिला प्रशासन किसानों को हर संभव सहयोग प्रदान करेगा।”
इस अवसर पर तहसीलदार दिनेश कुटौला, अपर सांख्यिकी अधिकारी मदन सिंह बिष्ट, कानूनगो राधे राणा, विभागीय कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय किसान उपस्थित रहे।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
