गदरपुर, 08 अक्टूबर 2025 (सू.वि.)।
ब्लॉक सभागार गदरपुर में आयोजित तहसील दिवस में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता से और समयबद्ध तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि जनता को अनावश्यक परेशानियों से न गुजरना पड़े, इसलिए प्रत्येक शिकायत का समाधान उसी स्तर पर सुनिश्चित किया जाए।

एडीएम ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि तहसील दिवस में पंजीकृत सभी शिकायतों को जन समर्पण पोर्टल पर अपलोड किया जाए तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से लेकर त्वरित कार्यवाही की जाए।
कुल 44 शिकायतें दर्ज, 18 का मौके पर निस्तारण
तहसील दिवस में पेंशन, राशन कार्ड, प्रमाण पत्र, सिंचाई, पेयजल, सड़क निर्माण व मरम्मत, विद्युत, नलकूप और नगर पालिका से संबंधित कुल 44 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 18 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

प्रमुख समस्याएं और कार्रवाई
- गदरपुर निवासी मौ. रफी ने वार्ड नं. 02 में नाली की तलीझाड़ सफाई की मांग रखी। एडीएम ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को शीघ्र सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
- परमजीत सिंह (सुखशांति नगर) ने ग्राम नरायणपुर की भूमि का खसरा तस्दीक कर पत्रावली उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इस पर एडीएम ने तहसीलदार को शीघ्र जांच कर पत्रावली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
- ग्राम प्रधान मोतियापुर सुमन ने बलखेड़ा में 2 किमी हॉटमिक्स सड़क बनाने की मांग की, जिस पर अधिशासी अभियंता लोनिवि को निरीक्षण कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
- क्षेत्र पंचायत सदस्य हसीना (झगड़पुरी) ने एनएच-74 से चुनपुरी, आजाद नगर एवं बलखेड़ा शान्तिग्राम तक सड़क निर्माण की मांग उठाई। इस पर सचिव मंडी को निरीक्षण कर योजना बनाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
- ग्राम प्रधान गिरधर नगर निशा रानी ने नहर की सफाई और 500 मीटर पक्की नहर बनाने का अनुरोध किया। एडीएम ने अधिशासी अभियंता सिंचाई को सफाई कराने के निर्देश दिए।
- ग्राम प्रधान गदरपुरा मौ. तय्यब ने जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल लगाने और सफेद राशन कार्ड बनाने की मांग की। इस पर पेयजल निगम को कार्य शीघ्र पूर्ण करने और पूर्ति अधिकारी को जांच कर कार्ड जारी करने के निर्देश दिए गए।

जनता की सेवा ही प्राथमिकता
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जनता और जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध रूप से करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
स्वास्थ्य जांच और विभागीय स्टॉल भी लगे
तहसील दिवस में स्वास्थ्य विभाग ने स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाओं का वितरण किया। वहीं, विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी भी जनता को दी गई।
उपस्थित अधिकारी व जनप्रतिनिधि
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, सांसद प्रतिनिधि प्रीत ग्रोवर, उप जिलाधिकारी डॉ. अमृता शर्मा, तहसीलदार लीना चंद्रा, एसीएमओ डॉ. हरेंद्र मालिक, सहायक निदेशक दुग्ध राजेन्द्र सिंह, सहायक निदेशक मत्स्य संजय छिम्वाल, अधिशासी अभियंता सिंचाई बीएस डांगी, लघु सिंचाई सुशील कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध, जिला प्रोवेशन अधिकारी व्योमा जैन, अल्पसंख्यक अधिकारी नंदिनी तोमर, जिला पर्यटन अधिकारी लता बिष्ट, जिला कार्यक्रम अधिकारी मुकुल चौधरी, खंड विकास अधिकारी अतिया परवीन समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
