रूद्रपुर, 13 अक्टूबर 2025 उत्तराखंड में ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और जनकल्याण योजनाओं को गति देने के उद्देश्य से भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के अपर सचिव डॉ. सज्जन सिंह यादव ने सोमवार को आकांक्षी विकास खंड गदरपुर के ग्राम रामबाग और आसपास के क्षेत्रों का व्यापक दौरा किया।
इस दौरान उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की समीक्षा की और स्थानीय जनता से संवाद स्थापित किया।

डॉ. यादव ने सर्वप्रथम “नारी शक्ति रजाई ग्रोथ सेंटर, रामबाग” का निरीक्षण किया, जहाँ उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को देखा और उनके आत्मनिर्भर प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में महिला स्वावलंबन सरकार की प्राथमिकताओं में प्रमुख है।
इसके उपरांत उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र रामबाग का निरीक्षण किया और बच्चों को स्वयं अपने हाथों से भोजन कराकर आत्मीयता का परिचय दिया। उन्होंने बच्चों के पोषण, शिक्षण सामग्री एवं उपस्थिति पर विस्तृत चर्चा की। बाद में प्राथमिक विद्यालय, रामबाग में उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन किया और विद्यालय की स्वच्छता व शिक्षण गुणवत्ता की सराहना की।

भ्रमण के दौरान अपर सचिव ने किसान प्रकाश चंद मल्लिक की ड्रैगन फ्रूट खेती का भी निरीक्षण किया और इसे कृषि विविधीकरण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे सफल मॉडल ग्रामीण युवाओं को कृषि उद्यमिता की दिशा में प्रेरित करेंगे।
इसके अलावा डॉ. यादव ने आदर्श नगर स्थित आरोग्य मंदिर का निरीक्षण किया। सीएचओ मोनिका नेगी ने उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता एवं ग्रामीण जनकल्याण संबंधी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में “हर गांव तक स्वास्थ्य सुविधा” अभियान प्रभावी रूप से लागू हो रहा है।

निरीक्षण के दौरान डॉ. यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र और राज्य की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित रूप से पहुँचे और सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।
भ्रमण के उपरांत उन्होंने जिला सभागार, रूद्रपुर में आकांक्षी जनपद एवं आकांक्षी ब्लॉक में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा बैठक की।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि नीति आयोग के सामाजिक व आर्थिक संकेतकों पर जनपद ने उल्लेखनीय प्रगति की है —

- पूरक पोषण आहार, टीकाकरण, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड वितरण और शत-प्रतिशत पाठ्यपुस्तक वितरण में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की गई है।
- हर घर नल, हर घर जल योजना के तहत अब तक 1 लाख 93 हजार घरों को पेयजल संयोजन दिया जा चुका है।
- प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के सभी पंजीकृत लाभार्थियों को आवास उपलब्ध करा दिए गए हैं।
- मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट, पीएम स्वनिधि, पीएम मातृ वंदना, पीएम विश्वकर्मा, सक्षम आंगनबाड़ी और लखपति दीदी योजना के तहत कार्य जारी हैं।
डीएम ने बताया कि रूद्रपुर पहाड़गंज में लीगेसी वेस्ट का शत-प्रतिशत निस्तारण कर वहां पर पार्क विकसित किया गया है। इसके साथ ही गन्ना एवं दलहन उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए ग्रीष्मकालीन धान पर प्रतिबंध लगाया गया है।
बैठक में पीडी हिमांशु जोशी, जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल, ओसी गौरव पांडे, डीईओ हरेंद्र मिश्रा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशुतोष जोशी, महाप्रबंधक उद्योग विपिन कुमार, सहायक निदेशक मत्स्य संजय कुमार छिम्वाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी मुकुल चौधरी सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
