काशीपुर।18 अक्टूबर 2025 धनतेरस पर्व पर आज सुबह से ही लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शुभ मुहूर्त में खरीददारी करने के लिए लोग सुबह से ही बाजारों का रुख करते नजर आए। दिनभर शहर के प्रमुख बाजारों, सर्राफा गलियों और इलेक्ट्रॉनिक शोरूमों में भारी भीड़ रही।

सोने-चांदी के आभूषणों के साथ-साथ बर्तनों, वाहन, मोबाइल और घरेलू उपकरणों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। दुकानदारों के चेहरों पर भी रौनक देखी गई, क्योंकि पिछले कई दिनों की मंदी के बाद धनतेरस ने व्यापार को नई चमक दी है।
शाम होते-होते शहर की सड़कों और चौराहों पर दीपों की रोशनी और भीड़ का अनोखा संगम देखने को मिला। लोग न सिर्फ खरीददारी कर रहे थे, बल्कि एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते और परिवार संग त्योहार की खुशियां बांटते नजर आए।
पुलिस प्रशासन ने भी यातायात व्यवस्था के लिए विशेष प्रबंध किए। मुख्य बाजारों में बैरिकेडिंग और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती रही ताकि भीड़ में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।धनतेरस पर लोगों ने भगवान धन्वंतरि, लक्ष्मी और कुबेर की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की।धनतेरस की रौनक ने शहर को सजा दिया जैसे किसी उत्सव का मेला हो गया हो।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
