काशीपुर। 20 अक्टूबर 2025 दीपों का पर्व दीपावली शहरभर में उमंग और उत्साह लेकर आया है। गलियों से लेकर बाजारों तक दीपों की जगमगाहट और खरीददारी का शोर चारों ओर गूंज रहा है। लेकिन इस खुशियों की रोशनी के बीच एक खतरनाक चिंगारी भी दबी है — जो कभी भी तबाही का रूप ले सकती है।शहर के मुख्य बाजार, टांडा उज्जैन और उदयराज हिंदू इंटर कॉलेज ग्राउंड में इस बार आतिशबाजी की बिक्री जोरों पर है। प्रशासन ने जहां कॉलेज ग्राउंड में पटाखों के लिए विशेष बाजार निर्धारित किया है, वहीं इसके बावजूद शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों — टांडा उज्जैन मार्केट और मुख्य बाजार — में दुकानों के सामने खुलेआम पटाखों की दुकानें सज चुकी हैं। हरिया वाला चौराहा,तथा कुंडा चौराहा आदि क्षेत्रों में भी पटाखे की दुकानें सजी हुई हैं।

लोग दीपावली की खरीददारी में व्यस्त हैं, बच्चे और युवा आतिशबाजी के स्टॉल पर उमड़ रहे हैं, लेकिन यह भूल रहे हैं कि बस एक छोटी सी चिंगारी पूरे बाजार को राख में बदल सकती है।
???? खुला सवाल प्रशासन से
आखिर जब प्रशासन ने पटाखों के लिए एक सुरक्षित बाजार तय किया था, तो फिर भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में इन दुकानों को लगने की अनुमति क्यों दी गई? क्या पुलिस, प्रशासन और अग्निशमन विभाग ने इस स्थिति का संज्ञान नहीं लिया, या फिर जानबूझकर लोगों की सुरक्षा से खिलवाड़ किया जा रहा है?

विशेषज्ञों का कहना है कि इतनी भीड़ के बीच पटाखों की बिक्री किसी भी समय बड़ी दुर्घटना को जन्म दे सकती है। दुकानों के सामने वाहनों की भीड़, बिजली के तारों की भरमार और ज्वलनशील सामग्री का पास-पास रखा होना, स्थिति को और भी खतरनाक बना देता है।
⚠️ ईश्वर न करे कोई अनहोनी हो, लेकिन हालात इस बात का संकेत दे रहे हैं कि अगर एक छोटी सी लापरवाही हुई तो काशीपुर दीपों की नहीं, धुएं की चादर में लिपट सकता है।

???? शहरवासियों की मांग है कि प्रशासन तत्काल संज्ञान लेते हुए बाजारों में लगी आतिशबाजी की अवैध दुकानों को हटाए, ताकि दीपावली की खुशियां सुरक्षित रोशनी में जगमगा सकें।























सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
