काशीपुर, 20 अक्टूबर 2025। दीपावली पर्व के अवसर पर सोमवार को शहर की बाजारों में चारों ओर रौनक और उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही लोग दीपावली की खरीदारी में जुटे रहे। किसी ने सोना-चांदी की दुकानों पर जाकर शुभ मुहूर्त में खरीदारी की, तो कोई अपने घर की सजावट के लिए रंग-बिरंगी लाइटें, दीये और सजावटी सामान चुनता नजर आया।

पूजा-पाठ के लिए सामग्री की दुकानों पर भी ग्राहकों की लंबी कतारें लगी रहीं। मिठाई और सूखे मेवे की दुकानों पर भी जबरदस्त भीड़ देखी गई। शहर के मुख्य बाजार —खड़कपुर देवी रोड, रामनगर रोड, बाजपुर रोड पर खरीददारों की भीड़ ने त्योहार के माहौल को और खुशनुमा बना दिया।

इस बार सोने के दामों में बढ़ोतरी के चलते सोने की खरीदारी कुछ कम रही, लेकिन चांदी के आभूषणों और बर्तनों की बिक्री में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। व्यापारियों के अनुसार, दीपावली पर लोगों ने पूरे उत्साह के साथ खरीदारी की जिससे बाजारों में खूब रौनक रही।

हर तरफ दीयों की चमक, मिठास भरी खुशबू और उल्लास का माहौल देखने को मिला। काशीपुरवासी दीपों के इस पर्व को पूरे हर्षोल्लास के साथ मना रहे हैं।


























सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
