काशीपुर। 1 नवंबर 2025 समाज में सेवा और सहयोग की अनूठी मिसाल पेश करते हुए बाल सुंदरी परिणय सेवा संस्था (रजि.) के तत्वावधान में चैती मेला प्रांगण में 31 निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह बड़े ही धूमधाम और धार्मिक विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुआ।
बाल सुंदरी परिणय सेवा संस्था के आठवें सामूहिक विवाह समारोह में 150 से अधिक गरीब परिवारों की बेटियों का अब तक हुआ विवाह | दूल्हे घोड़ी पर सवार होकर पहुँचे चैती मेला प्रांगण, वैदिक विधि-विधान से लिए सात फेरे
सुबह से ही पूरा चैती मेला प्रांगण शादी की रौनक में सजा हुआ था। 31 दूल्हे घोड़ी पर सवार होकर रामलीला ग्राउंड से चैती मेला परिसर तक बैंड-बाजों के साथ भव्य बारात लेकर पहुंचे। बारात के स्वागत के बाद मंडप में एक साथ 31 जोड़ों ने अग्नि के साक्षी में सात फेरे लेकर वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की।

संस्था के अध्यक्ष एडवोकेट आनंद कुमार ने बताया कि यह संस्था का आठवां सामूहिक विवाह समारोह है। अब तक संस्था लगभग 150 गरीब परिवारों की कन्याओं का विवाह करवा चुकी है। उन्होंने बताया कि इस पवित्र अभियान की शुरुआत वर्ष 2015 में उनके पिता स्वर्गीय बाबूराम जी ने चैती मेला परिसर से की थी। संस्था का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह संपन्न कराना है।

संस्था के महासचिव एवं मीडिया प्रमुख वरिष्ठ पत्रकार सुरेश शर्मा ने बताया कि विवाह हेतु आए आवेदनों की जांच-पड़ताल के बाद पात्र परिवारों का चयन किया गया। उन्होंने कहा कि सभी विवाह सनातन धर्म के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच सम्पन्न कराए गए। विवाह के उपरांत प्रत्येक वर-वधू को विवाह प्रमाणपत्र और उपहार सामग्री भी प्रदान की गई।

इस अवसर पर पूर्व नगर पालिका उप चेयरमैन एडवोकेट कैलाश चंद्र प्रजापति ने कहा कि—
“ऐसी समाज सेवा ही सच्चा धर्म है। गरीबों की बेटियों का विवाह कराना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। बाल सुंदरी परिणय सेवा संस्था इस दिशा में जो कार्य कर रही है, वह वास्तव में समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।”

कार्यक्रम के दौरान हजारों की संख्या में उपस्थित लोगों ने इस सामूहिक विवाह समारोह को देखा और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। पूरे समारोह में सामाजिक एकता, सद्भाव और मानवता की झलक स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
???? काशीपुर के इतिहास में यह आयोजन सिर्फ विवाह नहीं, बल्कि समाज में उम्मीद और सहयोग का प्रतीक बन गया है।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
