रूद्रपुर। 1 नवंबर 2025 जनपद ऊधम सिंह नगर के छोटे से कस्बे नानकमत्ता की बेटी कंचन बसेरा अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन करने जा रही हैं। 1 से 9 नवंबर 2025 तक थाईलैंड के बैंकॉक में आयोजित हो रही विश्व जु-जित्सू चैंपियनशिप 2025 में कंचन भारत की 23 सदस्यीय टीम के साथ प्रतिभाग करेंगी। भारतीय टीम शुक्रवार को आईजीआई एयरपोर्ट, दिल्ली से रवाना हुई।

जिला जु-जित्सू एसोसिएशन के महासचिव ऋषि पाल भारती ने बताया कि यह प्रतियोगिता जु-जित्सू इंटरनेशनल फेडरेशन के तत्वावधान में हुआमार्क इंडोर स्टेडियम, बैंकॉक में आयोजित हो रही है। इसमें 58 देशों के 810 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे, जबकि भारत की ओर से 23 खिलाड़ी और कोच एम.आर. शाहिद व जवान सिंह हिस्सा लेंगे।
भारतीय टीम में उत्तराखंड से 6 खिलाड़ियों का चयन हुआ है — कंचन बसेरा (ऊधम सिंह नगर), शुभम कुमार (देहरादून), करुणानिधि पांडे व प्रज्ञा जोशी (हरिद्वार) तथा नीलेश जोशी और दीपांशु रौतेला (अल्मोड़ा)।
कोच किशोर सिंह के निर्देशन में दक्ष स्पोर्ट्स एकेडमी नानकमत्ता में प्रशिक्षण लेने वाली कंचन बसेरा ने हाल ही में सीनियर नेशनल जु-जित्सू चैंपियनशिप, सारंगपुर में दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर सबका ध्यान खींचा था। उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते उनका चयन विश्व चैम्पियनशिप के लिए हुआ।

आर्थिक रूप से साधारण परिवार से होने के बावजूद कंचन ने अपने हौसले से सभी को प्रेरित किया। समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों ने उनकी विदेश यात्रा के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान किया, जिसके लिए दक्ष स्पोर्ट्स एकेडमी के अध्यक्ष शंकर सिंह ने सभी का आभार जताया।
एयरपोर्ट पर जु-जित्सू एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव अमित अरोरा, निदेशक सतीश जोशी, टीम कोच एम.आर. शाहिद, ऋषि पाल भारती, किशोर सिंह सहित अनेक पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को किट प्रदान कर शुभकामनाओं के साथ रवाना किया।
इस मौके पर जु-जित्सू एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की अध्यक्षा रसिका सिद्दीकी, उपाध्यक्ष ललित कर्नाटक, डीएसओ नैनीताल निर्मला पंत, डीएसओ ऊधम सिंह नगर जानकी कार्की, जिला अध्यक्ष भारत भूषण चुघ सहित अनेक खेल प्रेमियों, पदाधिकारियों और अभिभावकों ने टीम को शुभकामनाएं दीं।
कंचन बसेरा की यह उपलब्धि न केवल ऊधम सिंह नगर बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व का क्षण है। अब सबकी निगाहें बैंकॉक में भारत के तिरंगे को ऊँचा लहराने पर टिकी हैं।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
