Oplus_16908288
काशीपुर। 2 नवंबर 2025 उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की जयंती के अवसर पर आगामी 4 नवंबर (मंगलवार) को काशीपुर ऐतिहासिक दिन का साक्षी बनने जा रहा है। इस दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी काशीपुर पहुंचकर शहरी विकास विभाग, उत्तराखंड सरकार द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय नगर निकाय सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे।यह भव्य सम्मेलन रामनगर रोड स्थित होटल अनन्या में आयोजित होगा, जिसमें प्रदेश के सभी नगर निगमों के मेयर, नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के अध्यक्ष, नगर आयुक्त एवं अधिशासी अधिकारीगण शामिल होंगे। मुख्यमंत्री धामी सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होकर जनप्रतिनिधियों को संबोधित करेंगे।

मेयर दीपक बाली ने होटल अनन्या में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि यह सम्मेलन तीन सत्रों में विभाजित रहेगा।
पहले सत्र में प्रातः 9 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संबोधन होगा।
दूसरे सत्र में शहरी विकास विभाग की योजनाओं का विमोचन किया जाएगा,
जबकि तीसरे सत्र में मेयर, चेयरमैन और अधिकारियों द्वारा अपने सुझाव एवं विचार साझा किए जाएंगे। सम्मेलन स्थल पर विकास योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
मेयर दीपक बाली ने कहा कि यह पहली बार है जब कुमाऊं में इस तरह का राज्य स्तरीय सम्मेलन आयोजित हो रहा है और इसका आयोजन करने का सौभाग्य नगर निगम काशीपुर को प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि नगर निगम इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए पूर्ण रूप से तैयार है और अतिथियों के स्वागत में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
सम्मेलन में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, प्रदेश प्रवक्ता गुरविन्दर सिंह चण्डोक, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल और संयोग चावला सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।
काशीपुर में होने जा रहा यह सम्मेलन नगर निकायों के कार्य और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में नई दिशा और दृष्टि देने वाला साबित होगा।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
