काशीपुर। 3 नवंबर 2025 नगर निगम काशीपुर में विकास कार्यों की रफ्तार तेज होती जा रही है। आगामी 4 नवम्बर को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी नगर निगम परिसर में लगभग 46.24 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसकी जानकारी महापौर दीपक बाली ने नगर निगम में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी।

महापौर दीपक बाली ने बताया कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश के अंतिम छोर तक विकास पहुंचाने के लक्ष्य को मूर्त रूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शपथ ग्रहण के बाद अब तक नगर निगम में चरणबद्ध रूप से 100 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य संपन्न कराए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा जिन कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा, उनमें 30.73 करोड़ की लागत से 159 सड़क एवं नाली निर्माण कार्य, 5.62 करोड़ से 69 आवश्यक विकास कार्य, 3.40 करोड़ रुपये से गैस आधारित पशु शवदाह गृह का निर्माण, 3.75 करोड़ की लागत से कम्प्यूटरीकृत कंट्रोल रूम की स्थापना और 2.74 करोड़ की लागत से राष्ट्रीय राजमार्ग बाजपुर रोड एवं मानपुर रोड पर पीसीसी टाइल्स पैविंग कार्य शामिल हैं।
महापौर ने बताया कि अब तक निगम क्षेत्र में तीन चरणों में 505 सड़कों के निर्माण कार्य शुरू किए जा चुके हैं, जिनमें से लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुके हैं। गैस आधारित शवदाह गृह से नगर में आवारा पशुओं के अंतिम संस्कार की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। वहीं, हाईटेक कम्प्यूटरीकृत कंट्रोल रूम से नगर की सफाई व्यवस्था, वाहनों की निगरानी और शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल होगी।
उन्होंने कहा कि राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से प्राप्त धनराशि से 3.05 करोड़ की लागत से 3850 मीटर लंबाई में पीसीसी टाइल्स बिछाई जा रही हैं, जिससे वायु प्रदूषण कम होगा और शहर अधिक स्वच्छ एवं आकर्षक बनेगा। साथ ही 1.20 करोड़ रुपये की लागत से वर्टिकल गार्डन, ग्रीन बेंच, फ्लावर बेड और पौधारोपण कार्य भी किए जा रहे हैं।
महापौर दीपक बाली ने कहा कि यह सब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सशक्त नेतृत्व और मार्गदर्शन का परिणाम है। नगर की जनता द्वारा जताए गए विश्वास से निगम टीम और अधिक उत्साह से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नगर निगम में किसी पार्षद के साथ भेदभाव नहीं किया जाता और सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य किए जा रहे हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट, पार्षद गुंजन प्रजापति, बीना नेगी, संजय शर्मा, पुष्कर बिष्ट, अब्दुल कादिर, मोहम्मद शरीफ, प्रिंस बाली, संदीप सिंह, मोनू, रवि प्रजापति, शिवांश गोले, वैशाली गुप्ता, अनीता कंबोज, शाह आलम, सीमा सागर, दीपा पाठक, अशोक सैनी, सुरेश सैनी सहित कई पार्षद पति एवं गणमान्यजन मौजूद रहे।
पार्षदों ने महापौर दीपक बाली के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। पार्षद पति मोहम्मद सादिक हुसैन ने कहा कि इस बार नगर निगम का बोर्ड बेहतर काम कर रहा है और शहर तथा नए वार्डों की काया पलट हो रही है।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
