काशीपुर, 03 नवंबर 2025।
काशीपुर में एक महिला ने अपनी नाबालिग पुत्री के साथ हुई छेड़छाड़ के मामले में पुलिस की लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है। महिला का कहना है कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री जीजीआईसी स्कूल में कक्षा 9 की छात्रा है। वह रोजाना स्कूल जाती थी, लेकिन जसपुर खुर्द साइन धाम कॉलोनी गुरुद्वारे के पास किराए पर रहने वाला एक युवक आए दिन उसकी पुत्री के साथ छेड़छाड़ करता है। आरोपी युवक की हरकतों से परेशान होकर पीड़िता ने स्कूल जाना भी बंद कर दिया है।

महिला ने बताया कि इस संबंध में उसने थाना आईटीआई पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर अब पूरा परिवार तनाव में है। महिला ने चेतावनी दी है कि यदि न्याय नहीं मिला तो वह अपने परिवार सहित आत्महत्या करने को मजबूर होगी।
थाने में सुनवाई न होने के बाद महिला अपने परिवार के साथ नगर निगम काशीपुर पहुंची, जहां उसने महापौर दीपक बाली को घटना की जानकारी दी और कार्रवाई की मांग की।

महापौर दीपक बाली ने पीड़िता को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक को फोन पर दी है और त्वरित कार्रवाई करने को कहा।
महापौर ने कहा कि नगर में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
नाबालिग से छेड़छाड़ — पुलिस ने नहीं सुनी फरियाद तो मां ने सीएम धामी को भेजा पत्र। महापौर दीपक बाली ने दिया न्याय का भरोसा।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
