Oplus_16908288
काशीपुर। 9 नवंबर 2025
पत्रकारिता जगत से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। काशीपुर के मोहल्ला अली खान निवासी वरिष्ठ पत्रकार अजीम खान का हृदय गति रुकने से अचानक निधन हो गया। सूचना जैसे ही फैली, पूरे पत्रकार समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई।अजीम खान दो दिन पूर्व मुरादाबाद के रामपुर दोराहा के पास ग्राम कामरू मिल्क स्थित अपनी ससुराल में मेहमानदारी के लिए गए थे। शनिवार रात लगभग 10:30 बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन तुरंत उन्हें मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। उन्हें दूसरे निजी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने अजीम खान को मृत घोषित कर दिया।

25 वर्षों से पत्रकारिता में एक मजबूत आवाज
अजीम खान वर्ष 1998 से लगातार पत्रकारिता क्षेत्र में सक्रिय थे। भारत टाइम्स से अपना करियर शुरू कर उन्होंने काशीपुर से चिंगारी अखबार में भी रिपोर्टिंग की। पत्रकारिता के प्रति उनकी निष्ठा और कार्यशैली को देखते हुए वह वर्तमान में राष्ट्रीय चैनल ANB न्यूज़ से जुड़े हुए थे।
जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना और सरकारी योजनाओं को सही रूप में जनता के बीच पहुंचाना — यह उनका मूल उद्देश्य रहा। वे हमेशा जमीनी स्तर पर रहकर सच्चाई की आवाज़ उठाते रहे।

परिवार पर दुख का पहाड़
अजीम खान अपने पीछे पत्नी एक बेटा और चार बेटियों का परिवार छोड़ गए। अभी दो साल पहले ही उन्होंने बड़ी बेटी की शादी की थी, और दूसरी बेटी की शादी दिसंबर 2025 में होनी तय थी। शादी के कार्ड तक छप चुके थे… रिश्तेदारियों में बांटे भी जा चुके थे। तैयारियों की खुशियों के बीच यह हादसा परिवार को गहरे सदमे में ले आया।

बड़े भाई रफ़ीक खान ने बताया कि अजीम खान को शुगर की बीमारी थी, जिसके कारण उनका बीपी अक्सर हाई हो जाता था। शनिवार को भी यही स्थिति बनी और अचानक बिगड़ती तबीयत उन्हें जिंदगी से दूर ले गई।
काशीपुर ने खो दी एक सच्ची और निर्भीक आवाज़
अजीम खान न सिर्फ एक पत्रकार थे, बल्कि समाज की आंख और आवाज़ थे।
समस्याओं को उजागर करना, आम लोगों का पक्ष रखना, और बिना डर सच बोलना — यही उनकी पहचान थी।
आज काशीपुर, पत्रकारिता और समाज ने एक ईमानदार, जुझारू और समर्पित पत्रकार खो दिया।
उनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।
काशी क्रांति परिवार इस दुख की घड़ी में अल्लाह से दुआ करता हूं अल्लाह मरहूम की मफरत फरमाए परिवार को सब्र अता फरमाए(आमीन)
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को इस असीम दुःख को सहने की शक्ति दें।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
