रुद्रपुर, 12 नवम्बर 2025।जिला न्यायालय परिसर में नव नियुक्त पैरा लीगल वॉलंटियर्स (पीएलवी) का चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को विधिवत रूप से प्रारंभ हुआ।कार्यक्रम का शुभारम्भ जिला न्यायाधीश श्री सिकन्द कुमार त्यागी ने दीप प्रज्वलित कर किया।इस अवसर पर उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि

“यह प्रशिक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसे गंभीरता से लेकर अपनी दक्षता और जिम्मेदारी को बढ़ाएं। भारतीय संविधान ने सभी नागरिकों को समानता का अधिकार दिया है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक होना चाहिए।”
जिला न्यायाधीश ने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य समाज के कमजोर और वंचित वर्गों तक न्याय की पहुँच सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि पीएलवी समाज के अंतिम व्यक्ति तक विधिक सहायता पहुँचाने में सेतु का कार्य करते हैं, अतः उन्हें अपने कार्य के प्रति निष्ठा और संवेदनशीलता बनाए रखनी चाहिए।

प्रशिक्षण में लीगल एवं डिफेंस काउंसिल मौ. मिराज और सुश्री लुबीना पारूल प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं।
???? जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव श्री योगेन्द्र कुमार सागर का वक्तव्य:
उन्होंने बताया कि प्राधिकरण द्वारा ऐसे व्यक्तियों को निःशुल्क कानूनी सहायता दी जाती है, जिनके मामले पति-पत्नी के विवाद, मोटर दुर्घटना मुआवजा, घरेलू हिंसा, चेक अनादरण, उपभोक्ता विवाद, ऋण वसूली, बंटवारा, भूमि अधिग्रहण तथा अन्य सिविल एवं फौजदारी के शमनीय प्रकृति के मामलों से संबंधित होते हैं।
उन्होंने कहा कि इन मामलों का निस्तारण मध्यस्थता व सुलह-सहमति के माध्यम से किया जाता है ताकि न्याय सुलभ और शीघ्र हो सके।
कार्यक्रम में 32 नव नियुक्त पीएलवी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जो आगामी दिनों में विधिक साक्षरता शिविरों और समाज के जरूरतमंद लोगों को कानूनी सहायता प्रदान करने के कार्य में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
