उधम सिंह नगर। 16 नवंबर 2025 जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने ग्राम पंचायत उप-निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उप-निर्वाचन को पारदर्शी, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु मतदान कार्मिकों का प्रथम एवं द्वितीय रैंडमाइजेशन संपन्न कराया। जिलाधिकारी ने कहा कि उप-निर्वाचन लोकतांत्रिक प्रणाली की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसे अत्यंत गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ संपादित किया जाना आवश्यक है।

उन्होंने निर्देश दिए कि रैंडमाइजेशन की पूरी प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी तरीके से की जाए तथा सभी अधिकारियों और कार्मिकों को उनके दायित्व समयबद्ध रूप से पूर्ण करने होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उप-निर्वाचन में नियुक्त कर्मचारियों को प्रशिक्षण, सामग्री वितरण तथा समस्त व्यवस्थाएँ समय से सुनिश्चित की जाएँ, ताकि मतदान दिवस पर किसी प्रकार की व्यवधान की स्थिति उत्पन्न न हो। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि उप-निर्वाचन की प्रत्येक गतिविधि की सतत मॉनिटरिंग की जाएगी, संपूर्ण प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रथम एवं द्वितीय रैंडमाइजेशन में कुल 530 मतदान कार्मिकों का चयन कर उन्हें 85 मतदान केंद्रों पर नियुक्त किया गया। रैंडमाइजेशन प्रक्रिया के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, मुख्य शिक्षा अधिकारी के. एस. रावत, जिला शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा, डीआईओ एनआईसी हेमंत मौर्य तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
