काशीपुर। 26 नवंबर2025
मुरादाबाद रोड स्थित वसई चौराहे पर लंबे समय से सड़क किनारे फल के खोके, मुर्गा मीट और मछली की फड़ लगाकर किए गए अतिक्रमण पर आज लोक निर्माण विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। लगातार मिल रही शिकायतों और न्यायालय के आदेशों के पालन में विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क पर किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त कर हटाया।

कार्रवाई के दौरान दुकानों के आगे लगे टीन शेडों को भी तोड़ा गया, और सड़क पर लगे फ्लेक्सी बोर्ड भी हटाए गए। अधिकारियों के अनुसार ये सभी संरचनाएं सड़क को संकुचित कर रही थीं और जाम व दुर्घटना की स्थिति बना रही थीं।

सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग परवेज़ आलम ने बताया कि वसई चौराहे पर अवैध फड़ व खोके लगाकर लंबे समय से अतिक्रमण किया जा रहा था। कई शिकायतों और न्यायालय के आदेशों के बाद यह ध्वस्तीकरण कार्रवाई की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में कोई भी दोबारा अतिक्रमण करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग आगे भी ऐसे क्षेत्रों में कार्रवाई जारी रखेगा।

स्थानीय दुकानदारों ने जताई नाराज़गी
मौके पर मौजूद कई स्थानीय दुकानदारों ने आरोप लगाया कि अतिक्रमण हटाने वाली टीम ने कुछ खास एरिया को छोड़ दिया, जबकि बाकी हिस्सों में कार्रवाई की गई। उनका कहना है कि कुछ “पूंजीपतियों” द्वारा किए गए अतिक्रमण को विभाग ने नहीं छेड़ा, जो उनके अनुसार न्याय संगत नहीं है।

दुकानदारों ने कहा कि यदि प्रशासन अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई चला रहा है, तो यह अभियान सबके लिए बराबर होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “यदि अतिक्रमण हटाना है, तो सबका हटना चाहिए, नहीं तो यह पक्षपातपूर्ण कार्रवाई मानी जाएगी।” दुकानदारों ने इसको लेकर अपना पुरजोर विरोध दर्ज कराया।
???? काशी क्रांति — सच, बिना किसी पक्षपात के।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
