काशीपुर 1 दिसंबर 2025
काशीपुर के जसपुरखुर्द में गंगा बाथ एंड आर्ट्स इम्पोरियम से 6 लाख रुपये की सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 3 मार्च 2025 की रात शोरूम के तीन गल्लों के लॉक तोड़कर दो अज्ञात चोरों ने कैश उड़ा दिया था, जिसकी पूरी वारदात CCTV में कैद थी। वादी तुषांक अग्रवाल की तहरीर पर आईटीआई थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश, एसपी काशीपुर और सीओ के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष आईटीआई ने स्पेशल टीम गठित की जिसने घटना स्थल से लेकर एग्ज़िट रूट तक करीब 400–450 CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर दो आरोपियों की तस्दीक कर ली।
जांच आगे बढ़ी तो 30 नवंबर 2025 को मुखबिर की सूचना पर गुलडिया रोड, मानपुर दत्तराम तिराहे पर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल रोकी गई। बाइक रुकते ही पीछे बैठा युवक जंगल की ओर भाग निकला, जबकि चालक को टीम ने दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम सोमपाल पुत्र नत्थू, निवासी हुसैनपुर, कुन्दरकी (मुरादाबाद) बताया और फरार साथी का नाम उमेश पुत्र प्रेमपाल, निवासी गागन तिराहा, कठघर (मुरादाबाद) खोला।
पकड़ी गई बाइक भी एक अन्य चोरी के मुकदमे FIR 310/25 धारा 303(2) BNS में वांछित निकली। कड़ी पूछताछ में सोमपाल ने कबूला कि इसी साल मार्च में जस्पुरखुर्द की दुकान में अपने साथी उमेश के साथ मिलकर चोरी की थी और उसके हिस्से के बचे रुपये घर में छिपा रखे थे। निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से ₹2,05,000 नकद बरामद कर लिए।
बरामदगी के आधार पर धाराएं बढ़ाते हुए आरोपी सोमपाल को न्यायालय में पेश कर दिया गया है, जबकि साथी उमेश की तलाश जारी है।
पुलिस टीम:
थानाध्यक्ष कुंदन सिंह रौतेला, उ0नि0 प्रकाश सिंह बिष्ट, उ0नि0 पुष्कर भट्ट, उ0नि0 सोमवीर सिंह, कानि० राजेश भट्ट, दीपक प्रसाद, गिरीश विद्यार्थी, गिरीश कांडपाल, सुरेश चंद, राजेन्द्र जोशी।
एक फरार, एक गिरफ्तार—पुलिस की सटीक सर्विलांस और तेज कार्रवाई ने 9 महीने पुराने चोरी कांड की गुत्थी आखिर सुलझा दी।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
