काशीपुर। 10 दिसंबर 2025।कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एडवोकेट हरीश कुमार सिंह ने काशीपुर रोडवेज बस अड्डे की लगातार बिगड़ती स्थिति पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की घोर लापरवाही का परिणाम बताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की अनदेखी के कारण आज काशीपुर का बस डिपो अपनी मूल पहचान और उपयोगिता को खोता जा रहा है।

वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. नारायण दत्त तिवारी ने जनता की दैनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए काशीपुर में यह बस डिपो स्थापित किया था। कभी देश के विभिन्न बड़े शहरों के लिए यहाँ से नियमित बसें संचालित होती थीं, लेकिन आज स्थिति यह है कि यात्री घंटों बस स्टैंड पर इंतजार करने के बाद सुनते हैं कि उनकी बस तो टांडा तिराहे या स्टेडियम के पास से निकल चुकी है।
उन्होंने बताया कि बस डिपो परिसर में रात्रि के समय चारों ओर अंधेरा पसरा रहता है, बाथरूमों की हालत बद से बदतर है, कैंटीन लंबे समय से बंद पड़ी है और मैदान पूरी तरह जर्जर अवस्था में है। प्रवासी, दिहाड़ी मजदूर, विद्यार्थी और आम नागरिक सबसे अधिक परेशानी झेल रहे हैं।
एडवोकेट हरीश कुमार सिंह ने कहा कि काशीपुर में पिछले 22 वर्षों से भाजपा विधायक, भाजपा सांसद और नगर निगम पर भाजपा का अत्यधिक प्रभाव बनाए हुए है। प्रदेश में भी भाजपा सरकार होने के बावजूद काशीपुर का यह बस डिपो, जो कभी अपनी विशिष्ट पहचान रखता था, आज अपनी उपेक्षा पर स्वयं आँसू बहा रहा है।
उन्होंने सरकार से तुरंत हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि रोडवेज बस अड्डे की स्थिति सुधारना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि आम जनता आज भी बसों पर ही निर्भर है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन और जनप्रतिनिधि जल्द कदम नहीं उठाते तो जनता का धैर्य टूट सकता है।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
