काशीपुर। 12 दिसंबर 2025 दिल्ली के लाल किला क्षेत्र में हुए कार ब्लास्ट के बाद उत्तराखंड पुलिस हाई-अलर्ट मोड पर आ गई है। सुरक्षा को देखते हुए काशीपुर पुलिस ने उत्तराखंड में प्रवेश करने वाले हर छोटे-बड़े वाहन की सघन एवं कठोर चेकिंग शुरू कर दी है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वस्तु को राज्य की सीमा में प्रवेश करने से पहले ही रोका जा सके।

शुक्रवार देर शाम क्षेत्राधिकारी (सीओ) दीपक सिंह के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम ने बॉर्डर क्षेत्र में बड़े स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने कारों, मोटरसाइकिलों व भारी वाहनों के अंदरूनी हिस्सों तक की बारीकी से तलाशी ली। संदिग्ध वस्तुओं पर विशेष फोकस रखते हुए पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ सुरक्षा मानकों का पालन कर रही है।
पुलिस टीम में उप निरीक्षक अरविंद बहुगुणा, उप निरीक्षक अर्जुन सिंह, उप निरीक्षक रवीश कुमार, तथा कांस्टेबल नरेश चौहान, जितेंद्र चौहान, संतोष सिंह और त्रिलोक सिंह शामिल रहे। टीम ने हाईवे और मुख्य प्रवेश बिंदुओं पर आने-जाने वाले हर वाहन को रोककर चेक किया।

चेकिंग के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस ने कई वाहनों के मौके पर नगद चालान भी किए, ताकि सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ यातायात अनुशासन भी बनाए रखा जा सके।
पुलिस क्षेत्र अधिकारी दीपक सिंह ने कहा कि
“दिल्ली घटना के बाद उत्तराखंड पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। किसी भी तरह की वारदात को रोकना ही हमारा पहला उद्देश्य है। इसी कारण बॉर्डर से ही कड़े स्तर पर चेकिंग की जा रही है।”
पुलिस ने जनता से भी अपील की है कि संदिग्ध वस्तु, व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि प्रदेश में शांति और सुरक्षा का माहौल बनाए रखा जा सके।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
