काशीपुर। बाजपुर रोड स्थित सत्येंद्र चंद गुड़िया इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड लॉ कॉलेज (एस.सी. गुड़िया आईएमटी) में संस्थान के संस्थापक, पूर्व सांसद स्वर्गीय सत्येंद्र चंद्र गुड़िया जी की 93वीं जयंती श्रद्धा, सम्मान और भावनात्मक वातावरण में मनाई गई।
कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के निदेशकों, प्राचार्य, फैकल्टी एवं स्टाफ सदस्यों द्वारा स्वर्गीय गुड़िया जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों को नमन करने के साथ हुई।

इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. केवल कुमार ने स्व. गुड़िया जी का भावपूर्ण स्मरण करते हुए कहा कि शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में उनका योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय गुड़िया जी ने सदैव दलगत राजनीति से ऊपर उठकर समाजहित में कार्य किया, यही कारण है कि वे आज भी जनमानस में सम्मान और प्रेरणा के प्रतीक बने हुए हैं।
डॉ. केवल कुमार ने आगे कहा कि स्व. गुड़िया जी द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में लगाए गए इस पौधे को, जो आज एस.सी. गुड़िया आईएमटी के रूप में एक सशक्त वृक्ष बन रहा है, उनके आशीर्वाद से निरंतर आगे बढ़ाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
कार्यक्रम के दौरान संस्थान के सभी फैकल्टी एवं स्टाफ सदस्यों ने संस्थान की प्रगति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सामाजिक उत्तरदायित्व को और अधिक सुदृढ़ करने की शपथ ली।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों को मिष्ठान वितरण किया गया।
इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में निदेशक (प्रशासन) पवन कुमार बक्शी, प्राचार्य डॉ. निमिषा अग्रवाल सहित संस्थान के समस्त फैकल्टी एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
