काशीपुर। 16 दिसंबर 2025 विकासखंड में स्थित सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) में आधार कार्ड अपडेट कराने को लेकर ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। सुबह से शाम तक लंबी-लंबी कतारों में लोग खड़े रहने को मजबूर हैं, लेकिन इसके बावजूद आधार अपडेट नहीं हो पा रहे। हालात ऐसे हैं कि लोग लगातार कई-कई दिनों से चक्कर काट रहे हैं और निराश होकर लौट रहे हैं।सीएससी सेंटरों पर सबसे ज्यादा परेशानी फिंगरप्रिंट मैच न होने को लेकर सामने आ रही है। कई लोगों का आरोप है कि घंटों लाइन में लगने के बाद अंत में यह कहकर लौटा दिया जाता है कि फिंगर सेट नहीं हो रहे, इसलिए आधार अपडेट संभव नहीं है।
पूरी खबर की वीडियो देखने के लिए हमारे यूट्यूब लिंक पर जाएं
ग्रामीण–शहरी नागरिक दिन-रात कतारों में, बुज़ुर्ग, महिलाएं और बच्चे सबसे अधिक परेशान

बीमार बच्ची का इलाज अटका, मां बेबस
फिरोजपुर निवासी महिला रेखा ने भावुक होकर बताया कि उसकी 7 वर्षीय बच्ची लक्ष्मी के दिल में छेद है। इलाज के लिए उसे सरकारी योजनाओं का सहारा चाहिए, लेकिन आधार अपडेट न होने की वजह से वह हर जगह अटक रही है। रेखा के अनुसार, वह पिछले तीन दिनों से बच्ची को लेकर सीएससी सेंटर आ रही है, लेकिन हर बार आधार अपडेट करने से मना कर दिया जाता है। आज भी उसे निराश होकर लौटना पड़ा। रेखा सवाल करती है कि जब उसकी कोई सुनने वाला नहीं है, तो वह अपनी बच्ची का इलाज कैसे कराए।

फिंगर न आने से ग्रामीण परेशान
ग्राम कटिया निवासी प्यारे मियां ने बताया कि वह पिछले तीन दिनों से आधार अपडेट कराने आ रहे हैं, लेकिन फिंगरप्रिंट न आने की वजह से उनका आधार अपडेट नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि बार-बार आने-जाने से उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहा है।

बेटियों के साथ तीसरे दिन भी लाइन में खड़े पिता
आनंद विहार कॉलोनी, जसपुर खुर्द निवासी मोहम्मद यामीन ने बताया कि वह अपनी दो बेटियों के आधार अपडेट के लिए लगातार तीसरे दिन लाइन में लगे हैं। दो दिन पहले भी आधार अपडेट नहीं हो सका और आज तीसरे दिन भी वही स्थिति है। उन्होंने कहा कि इस समय राशन कार्ड की केवाईसी के कारण लोग सबसे ज्यादा परेशान हैं। सरकार को चाहिए कि सीएससी सेंटरों की संख्या बढ़ाए, ताकि जनता को राहत मिल सके।
बुज़ुर्गों पर सबसे ज्यादा असर
सीएससी सेंटरों पर बुज़ुर्ग पुरुष और महिलाएं भी बड़ी संख्या में नजर आ रहे हैं। ठंड और थकान के बावजूद वे घंटों लाइन में खड़े हैं, लेकिन समाधान नहीं मिल पा रहा। कई बुज़ुर्गों ने बताया कि वे अपने बच्चों और परिवार के सदस्यों के साथ तीन-तीन दिन से चक्कर काट रहे हैं।
व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
लगातार बढ़ रही भीड़ और सीमित संसाधनों के कारण आधार अपडेट की मौजूदा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आमजन का कहना है कि यदि समय रहते अतिरिक्त सीएससी सेंटर, मोबाइल आधार वैन या विशेष शिविर नहीं लगाए गए, तो हालात और बिगड़ सकते हैं।
आधार अपडेट से जुड़ी यह समस्या अब केवल एक तकनीकी दिक्कत नहीं, बल्कि गरीब, बीमार, बुज़ुर्ग और जरूरतमंद लोगों के अधिकारों से जुड़ा गंभीर मुद्दा बन चुकी है। जनता प्रशासन और सरकार से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग कर रही है, ताकि लोगों को इस परेशानी से निजात मिल सके।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
