काशीपुर | रिपोर्ट
काशीपुर। 17 December 2025
कड़कड़ाती ठंड और रात के सन्नाटे के बीच, जब पूरा शहर दिनभर की थकान के बाद आराम की तैयारी में था, उसी वक्त काशीपुर के महापौर दीपक बाली शहर की एक पुरानी और गंभीर समस्या के स्थायी समाधान के लिए रेलवे स्टेशन रोड पर खुद खड़े होकर पुलिया निर्माण कार्य की शुरुआत करवा रहे थे। इसे ही कहते हैं—काम की नीति, जो कहा वही करके दिखाया।
रेलवे स्टेशन रोड पर पुराने स्टेट बैंक के सामने वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या स्थानीय व्यापारियों और आम जनता के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई थी। रेलवे की ओर से आने वाला पानी स्टेशन रोड पर आकर जमा हो जाता था, लेकिन उसकी निकासी का कोई ठोस इंतजाम आज तक नहीं किया गया था। इसका असर राधेश्याम बिल्डिंग और आसपास के पूरे इलाके पर पड़ता था, जहां बारिश के दौरान हालात बद से बदतर हो जाते थे।

इस समस्या को महापौर दीपक बाली ने गंभीरता से लेते हुए व्यापारियों और क्षेत्रीय जनता को आश्वासन दिया था कि इसका स्थायी समाधान कराया जाएगा। उसी वायदे को निभाते हुए महापौर रात करीब 8 बजे स्टेशन रोड पहुंचे और वहां पुलिया निर्माण का शिलान्यास कर दिया। खास बात यह रही कि जहां सामान्यतः इस पुलिया के निर्माण में करीब डेढ़ माह का समय लगता, वहीं अत्याधुनिक तकनीक और पूर्व नियोजन के चलते इसे मात्र चार दिन में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

महापौर ने लोक निर्माण विभाग से समन्वय कर फैब्रिकेटेड पुलिया ब्लॉक पहले ही तैयार करवा लिए, ताकि हाईवे और स्टेशन रोड पर जनता को लंबे समय तक असुविधा न हो। जेसीबी से खुदाई शुरू कर नारियल फोड़कर विधिवत शिलान्यास किया गया और मौके पर ही कार्य प्रारंभ करा दिया गया।

महापौर के बीच पहुंचते ही स्टेशन रोड के व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया और वर्षों पुरानी समस्या के समाधान के लिए आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना था कि अब तक कई जनप्रतिनिधि आए-गए, लेकिन समस्या जस की तस बनी रही। दीपक बाली पहले ऐसे जनप्रतिनिधि हैं जिन्होंने न केवल वादा किया, बल्कि उसे निभाकर दिखाया।
इस अवसर पर महापौर ने कहा कि वे शहर की जनता की सेवा के लिए आए हैं और काशीपुर के समग्र विकास के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि नगर निगम क्षेत्र में नालों पर हुए अतिक्रमण हटाने और सफाई अभियान तेज़ी से चल रहा है, जिसमें जनता का सहयोग बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में जलभराव की समस्या दोबारा उत्पन्न न हो।

साथ ही महापौर ने नागरिकों से अपील की कि अब नगर निगम की कूड़ा गाड़ी हर वार्ड में घर-घर पहुंच रही है, ऐसे में लोग सड़कों पर कचरा न फेंकें और काशीपुर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर बनाने में सहयोग करें। उन्होंने स्पष्ट कहा—जब तक जनता साथ नहीं देगी, तब तक शहर पूरी तरह स्वच्छ नहीं हो सकता।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता ईश्वर चंद्र गुप्ता चौधरी, समरपाल सिंह, लोक निर्माण विभाग के एई परवेज आलम, जेई विजय सैनी, ठेकेदार साजिद नदीम, सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय व्यापारी और आम नागरिक मौजूद रहे।
???? रात में खड़ा होकर विकास कराना—यही है जनसेवा की असली पहचान।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
