प्रेस विज्ञप्ति | आयकर विभाग, काशीपुर
करदाता जागरूकता और पारदर्शी कर प्रशासन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
काशीपुर।
करदाता सेवाओं को सुदृढ़ करने तथा कर प्रशासन में हाल के वर्षों में हुए व्यापक और महत्वपूर्ण परिवर्तनों के प्रति करदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से आयकर विभाग, काशीपुर द्वारा दिनांक 17 दिसंबर 2025 को एक संवाद/आउटरीच कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रधान आयकर आयुक्त, बरेली के दिशा-निर्देशन में हल्द्वानी परिक्षेत्र के अंतर्गत होटल ‘द मेनोर’, काशीपुर में संपन्न हुआ।
इस संवाद कार्यक्रम में काशीपुर एवं आसपास के क्षेत्रों से व्यवसाय, उद्योग, कर प्रैक्टिस से जुड़े पेशेवर, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, टैक्स बार एसोसिएशन के सदस्य, के.जी.सी.सी.आई., व्यापार मंडल, व्यवसायी, चिकित्सक एवं अन्य प्रबुद्ध वर्ग के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। फेसलेस असेसमेंट प्रणाली से जुड़े हितधारकों की भी कार्यक्रम में उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आयकर विभाग की बदलती कार्यप्रणाली, कर प्रशासन में हुए डिजिटल एवं तकनीकी सुधार, ई-फाइलिंग पोर्टल, फेसलेस असेसमेंट व्यवस्था तथा हाल ही में लागू किए गए नए आयकर अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण परिवर्तनों की जानकारी करदाताओं और कर पेशेवरों तक पहुंचाना था। इन सुधारों के प्रभाव, अनुपालन की प्रक्रिया और करदाताओं की भूमिका को स्पष्ट करने के लिए यह संवाद मंच आयोजित किया गया।
मुख्य वक्ता के रूप में श्री जितेंद्र कुमार सोनकर, अपर आयुक्त आयकर, रेंज-1(2), हल्द्वानी ने कर अनुपालन एवं कर प्रशासन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने रेक्टिफिकेशन, रिफंड, अपील, असेसमेंट, टीडीएस से जुड़ी समस्याओं, कर मांग (टैक्स डिमांड), अपील इफेक्ट, ई-फाइलिंग पोर्टल की कार्यप्रणाली तथा शिकायत निवारण तंत्र—CPGRAM और ई-निवारण के बारे में व्यावहारिक जानकारी साझा की। इसके साथ ही अग्रिम कर (Advance Tax) के प्रावधानों, समय-सीमाओं और समयबद्ध अनुपालन के महत्व पर भी विशेष जोर दिया गया।
इस संवाद/आउटरीच कार्यक्रम के दौरान आयकर विभाग और करदाताओं के बीच खुला, सकारात्मक और सार्थक संवाद स्थापित हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित माननीय काशीपुर विधायक श्री त्रिलोक सिंह चीमा, श्री पवन अग्रवाल (अध्यक्ष, KGCCI), श्री कुलभूषण गर्ग (अध्यक्ष, सीए एसोसिएशन), डॉ. यशपाल रावत (अध्यक्ष, आईएमए), सीए सौरभ अग्रवाल, सीए आदेश, एवं अधिवक्ता श्री विपिन अग्रवाल सहित अन्य प्रतिभागियों ने अपनी व्यावहारिक समस्याएं, सुझाव और अनुभव साझा किए, जिन पर विभागीय अधिकारियों द्वारा संतोषजनक समाधान एवं आवश्यक स्पष्टीकरण प्रस्तुत किए गए।
कार्यक्रम में आयकर विभाग की ओर से श्री सुधीर कुमार, आयकर अधिकारी, श्री राहुल कुमार, आयकर अधिकारी, श्री संदीप कुमार चतुर्वेदी, आयकर अधिकारी, श्री अमित कुमार चौधरी, आयकर अधिकारी, श्री दमिशेट्टी मुरली कृष्णा, सहायक आयुक्त आयकर, सहित विभाग के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
आयकर विभाग द्वारा इस प्रकार के संवाद एवं आउटरीच कार्यक्रमों का आयोजन पारदर्शिता, विश्वास और सहयोग को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे करदाता बदलते कर कानूनों और प्रशासनिक सुधारों के अनुरूप स्वयं को अद्यतन रख सकेंगे तथा स्वैच्छिक कर अनुपालन को बढ़ावा मिलेगा, जो राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की सक्रिय सहभागिता को और मजबूत करेगा।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
