Oplus_16908288
काशीपुर। 17 दिसंबर 2025 कर प्रशासन में तेजी से हो रहे तकनीकी, डिजिटल और संरचनात्मक सुधारों को लेकर करदाताओं को जागरूक करने तथा विभाग और करदाताओं के बीच विश्वास व पारदर्शिता को मजबूत करने के उद्देश्य से आयकर विभाग, काशीपुर द्वारा एक संवाद/आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रधान आयकर आयुक्त, बरेली के दिशा-निर्देशन में हल्द्वानी परिक्षेत्र के अंतर्गत होटल ‘द मेनोर’, काशीपुर में संपन्न हुआ।
इस कार्यक्रम में काशीपुर एवं आसपास के क्षेत्रों से विभिन्न व्यवसायों, उद्योगों, कर प्रैक्टिस से जुड़े पेशेवरों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, टैक्स बार एसोसिएशन के सदस्य, केजीसीसीआई, व्यापार मंडल, व्यवसायी, चिकित्सक एवं अन्य प्रबुद्ध वर्ग के प्रतिनिधियों ने सक्रिय सहभागिता की। फेसलेस असेसमेंट प्रणाली से जुड़े हितधारकों की भी कार्यक्रम में उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बीते कुछ वर्षों में आयकर विभाग की कार्यप्रणाली में आए बदलाव, कर प्रशासन में हुए डिजिटल सुधार, ई-फाइलिंग पोर्टल, फेसलेस असेसमेंट व्यवस्था तथा हाल ही में लागू किए गए नए आयकर अधिनियम से जुड़े महत्वपूर्ण परिवर्तनों की जानकारी करदाताओं और कर पेशेवरों तक पहुंचाना था। इसके साथ ही इन सुधारों के प्रभाव, अनुपालन प्रक्रिया और करदाताओं की भूमिका को स्पष्ट करने के लिए यह संवाद मंच आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में जितेंद्र कुमार सोनकर, अपर आयुक्त आयकर, रेंज-1(2), हल्द्वानी ने कर अनुपालन एवं कर प्रशासन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने रेक्टिफिकेशन, रिफंड, अपील, असेसमेंट, टीडीएस से संबंधित समस्याओं, कर मांग (टैक्स डिमांड), अपील इफेक्ट, ई-फाइलिंग पोर्टल की कार्यप्रणाली तथा शिकायत निवारण तंत्र—CPGRAM और ई-निवारण पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। साथ ही अग्रिम कर (Advance Tax) से जुड़े प्रावधानों, समय-सीमाओं और समयबद्ध अनुपालन के महत्व पर भी विशेष रूप से चर्चा की।
इस संवाद/आउटरीच कार्यक्रम के दौरान आयकर विभाग और करदाताओं के बीच खुला, सकारात्मक और व्यावहारिक संवाद स्थापित हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित काशीपुर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, पवन अग्रवाल (अध्यक्ष, KGCCI), कुलभूषण गर्ग (अध्यक्ष, सीए एसोसिएशन), डॉ. यशपाल रावत (अध्यक्ष, आईएमए), सीए सौरभ अग्रवाल, सीए आदेश, तथा अधिवक्ता विपिन अग्रवाल सहित अन्य प्रतिभागियों ने अपनी व्यावहारिक समस्याएं, सुझाव और अनुभव साझा किए, जिन पर विभागीय अधिकारियों द्वारा समाधान एवं आवश्यक स्पष्टीकरण प्रस्तुत किए गए।
कार्यक्रम में आयकर विभाग की ओर से सुधीर कुमार, आयकर अधिकारी, राहुल कुमार, आयकर अधिकारी, संदीप कुमार चतुर्वेदी, आयकर अधिकारी, अमित कुमार चौधरी, आयकर अधिकारी, दमिशेट्टी मुरली कृष्णा, सहायक आयुक्त आयकर, सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
आयकर विभाग द्वारा इस प्रकार के संवाद एवं आउटरीच कार्यक्रमों का आयोजन करदाताओं के साथ सहयोग, पारदर्शिता और विश्वास को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे कार्यक्रम करदाताओं को बदलते कर कानूनों और प्रशासनिक सुधारों के अनुरूप स्वयं को अद्यतन रखने में मदद करते हैं और स्वैच्छिक कर अनुपालन को बढ़ावा देकर राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भागीदारी को सुदृढ़ करते हैं।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
