खटीमा, 18 दिसम्बर 2025
‘जन-जन की सरकार–जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत न्याय पंचायत बिगराबाग के पंचायत भवन बिरिया में गुरुवार को शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने की।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में पंजीकृत सभी शिकायतों का समयबद्ध समाधान, सभी प्रकार के प्रमाण पत्रों का शीघ्र निर्गमन तथा विभागीय आपसी समन्वय के माध्यम से योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी आवेदन पत्र में कमी हो तो संबंधित विभाग मौके पर ही समन्वय कर उसे दूर करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र नागरिकों को लाभान्वित किया गया। इस दौरान 51 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 06 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। विभिन्न प्रमाण पत्रों के लिए 25 आवेदन पत्र भरवाए गए तथा 210 लोगों को अलग-अलग सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त 03 मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट, 02 महिला स्वयं सहायता समूहों को चेक तथा 01 दिव्यांग प्रमाण पत्र वितरित किया गया।

कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी तुषार सैनी, नोडल अधिकारी शिविर/मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वीके सिंह, तहसीलदार वीरेन्द्र सजवाण, पूर्व मंडी समिति अध्यक्ष नंदन सिंह खड़ायत, खण्ड विकास अधिकारी संजय गांधी सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
शिविर के माध्यम से सरकार की योजनाओं को सीधे जनता तक पहुंचाने और समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में एक प्रभावी पहल देखने को मिली।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
