काशीपुर।19 दिसंबर 2025 काशीपुर के सर्वांगीण विकास की ठोस रूपरेखा को लेकर नगर निगम की आय बढ़ाने को तथा जनता को राहत देने के लिए निगम प्रशासन के द्वारा बड़े कदम उठाए गए हैं। निगम कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए महापौर दीपक बाली ने नगर के सर्वांगीण विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर नगर निगम की संभावित एवं दूरदर्शी कार्य योजना को सार्वजनिक किया। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री की प्रेरणा से काशीपुर को प्रदेश में रोल मॉडल नगर के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

महापौर ने बताया कि नगर निकाय चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से नगर निगम की आय बढ़ाने, निष्प्रयोज्य पड़ी भूमि को अतिक्रमण मुक्त रखने तथा सुरक्षा व रोजगार के अवसर सृजित करने के लिए दुकानों के निर्माण का निर्णय लिया गया है। यह कार्य निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों के समन्वित सहयोग से किया जा रहा है।
500 दुकानों के निर्माण का लक्ष्य, पहले चरण में 68 दुकानें
नगर निगम ने दीर्घकालिक योजना के तहत 500 दुकानों के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिससे निगम की आय में लगभग 100 करोड़ रुपये की वृद्धि का मापदंड तय किया गया है।
प्रथम चरण में—
- गुरुद्वारा रोड, आनंद नर्सरी के पास – 32 दुकानें
- नमन स्वीट्स कोर्ट रोड के सामने – 08 दुकानें
- कुंडेश्वरी रोड, साईं मंदिर से आगे – 28 दुकानें
कुल 68 दुकानों के निर्माण हेतु 19 एवं 20 दिसंबर 2025 को नीलामी की तिथि निर्धारित की गई है।
महापौर ने बताया कि प्रथम चरण की दुकानों से प्रतिवर्ष लगभग 50 लाख रुपये किराया आय तथा नीलामी के माध्यम से करीब 15 करोड़ रुपये की एकमुश्त आय होने का अनुमान है। इससे स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी, सड़क व नाली जैसे बुनियादी कार्यों को और गति मिलेगी। साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार और व्यवसाय के अवसर भी उपलब्ध होंगे।
स्ट्रीट वेंडिंग जोन से मिलेगा स्थायी समाधान
महापौर दीपक बाली ने बताया कि नगर में ठेला-फड़ व्यापारियों और आम नागरिकों को आवागमन की समस्या से राहत दिलाने के लिए 10 स्ट्रीट वेंडिंग जोन बनाए जाने की योजना है।
प्रथम चरण में 5 स्थानों का चयन कर अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त वेंडिंग जोन विकसित किए जाएंगे, जहां एक ही स्थान पर फूड स्ट्रीट, फल-सब्जी स्ट्रीट और घरेलू उपयोग की वस्तुएं उपलब्ध होंगी।
चयनित स्थल एवं प्रस्तावित गतिविधियां—
- गिरीताल के पीछे सिंचाई विभाग बाईपास मार्ग – फूड स्ट्रीट
- द्रोणासागर के पीछे टाट वाले बाबा आश्रम मार्ग – सब्जी एवं फल स्ट्रीट
- रामनगर रोड ट्रेड शोरूम से रेलवे क्रॉसिंग तक – फूड स्ट्रीट
- गिरी सरोवर के पूर्वी तट के पास बाईपास मार्ग – सब्जी एवं फल स्ट्रीट
- सीतापुर आई हॉस्पिटल रोड – सब्जी, फल, कपड़े व अन्य फेरी सामग्री स्ट्रीट
महापौर ने कहा कि वेंडिंग जोन के अस्तित्व में आने से जहां व्यापारियों को स्थायी रोजगार मिलेगा, वहीं अतिक्रमण अभियानों से भी स्थायी राहत मिलेगी। शेष 5 वेंडिंग जोन के लिए स्थल चयन हेतु अधिकारियों व आर्किटेक्ट की समिति गठित कर दी गई है।
सड़क चौड़ीकरण पर स्पष्ट संदेश, जनता से अपील
महापौर दीपक बाली ने स्पष्ट किया कि केवीआर हॉस्पिटल से बिजनेस इन होटल होते हुए परमानंदपुर तक प्रस्तावित सड़क सौंदर्यीकरण व चौड़ीकरण में किसी भी निजी भवन को नहीं तोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में फैलाई जा रही अफवाहें पूरी तरह गलत हैं और जनता किसी के बहकावे में न आए।
अंत में महापौर ने नगरवासियों से अपील की कि 19 एवं 20 दिसंबर 2025 को होने वाली दुकानों की नीलामी में भाग लेकर नगर निगम को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएं तथा शीघ्र स्थापित होने वाले वेंडिंग जोन का उपयोग कर काशीपुर के विकास में अपना योगदान दें।
महापौर ने माननीय मुख्यमंत्री, नगर की देवतुल्य जनता, पार्षदगण एवं नगर निगम परिवार का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बिना कर वृद्धि के काशीपुर को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाना ही उनका संकल्प है।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
