जसपुर। 19 दिसंबर 2025 महिलाओं की गरिमा और सम्मान से जुड़े एक गंभीर मामले को लेकर देश की राजनीति गरमा गई है। बिहार के मुख्यमंत्री पर महिला का अपमान करने का आरोप लगाते हुए उत्तराखंड के जसपुर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा और मुख्यमंत्री को तत्काल पद से हटाने की मांग की।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा नियुक्ति पत्र देते समय एक महिला के मुंह से नकाब हटाए जाने के कथित मामले को लेकर उत्तराखंड के जसपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश देखने को मिला। कांग्रेस के जसपुर विधायक आदेश सिंह चौहान के नेतृत्व में सैकड़ों समर्थकों ने जसपुर तहसील स्थित उप जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बिहार के मुख्यमंत्री द्वारा सार्वजनिक मंच पर महिला के चेहरे से नकाब हटाना न केवल उसकी व्यक्तिगत गरिमा का उल्लंघन है, बल्कि यह महिलाओं के सम्मान और संवैधानिक मूल्यों पर भी सीधा आघात है।

विधायक आदेश सिंह चौहान ने कहा कि यह मामला उन्हें समाचार चैनलों और सोशल मीडिया के माध्यम से ज्ञात हुआ, जिसने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि जब एक प्रदेश का मुख्यमंत्री ही महिलाओं के सम्मान का ध्यान नहीं रखता, तो यह पूरे समाज के लिए एक गलत संदेश देता है।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि इस पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने पर बिहार के मुख्यमंत्री को पद से हटाया जाए, ताकि समाज में महिलाओं के सम्मान को लेकर एक सशक्त और सकारात्मक संदेश जाए।
इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने महिला सम्मान, लोकतंत्र और संवैधानिक मर्यादाओं की रक्षा की मांग करते हुए नारेबाजी भी की।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
