हादसे की दर्दनाक खबर |काशी क्रांति ब्यूरो
काशीपुर। 22 दिसंबर 2025
काशीपुर में रविवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा मुरादाबाद रोड पर सूर्य रोशनी लिमिटेड के पास बने स्पीड ब्रेकर के समीप हुआ, जहां पीछे से आई मोटरसाइकिल की टक्कर के बाद युवक सड़क पर गिर गया और ट्रक की चपेट में आ गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक अनिकेत (23 वर्ष) पुत्र बलबीर सिंह, निवासी रामू वाला गणेश, कोतवाली ठाकुरद्वारा, जिला मुरादाबाद (उ.प्र.) अपनी मोटरसाइकिल से रविवार शाम करीब 8:40 बजे कुंडा से घर लौट रहा था। स्पीड ब्रेकर के पास उसने जैसे ही बाइक की रफ्तार कम करने के लिए ब्रेक लगाए, पीछे से आ रहे एक अन्य मोटरसाइकिल चालक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे अनिकेत की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर गिर गई।

इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक संख्या UP 21 DT 5349 के चालक को ब्रेक लगाने का मौका नहीं मिल सका और ट्रक युवक के ऊपर चढ़ गया, जिससे वह ट्रक के पहिए के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस के माध्यम से घायल को राजकीय चिकित्सालय भिजवाया गया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे एक निजी अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही अनिकेत ने दम तोड़ दिया।
बताया गया कि अनिकेत शादी-विवाह समारोहों में वीडियो फिल्म बनाने का कार्य करता था। वह 21 दिसंबर को अपने मामा नरेश सिंह, निवासी लालपुर कुंडा के यहां मेहमान बनकर गया था। शाम करीब 8:00 बजे घर के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया।
अनिकेत दो भाइयों में सबसे छोटा था। बड़े भाई सचिन कुमार, माता संतोष देवी और पिता को रोते-बिलखते छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। दुर्घटना के बाद ट्रक को कब्जे में लेकर चौकी पर खड़ा कर दिया गया है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर पुलिस को नहीं सौंपी गई है।
इस संबंध में उप निरीक्षक रवीश कुमार ने बताया कि रात्रि में सड़क दुर्घटना में 23 वर्षीय युवक की मृत्यु हुई है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर ली गई है। परिजनों से तहरीर प्राप्त होने पर अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
