काशीपुर। 24 दिसंबर 2025 चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर भाजपा और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। महानगर कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री अलका पाल ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में सच्चाई को दबाने की सुनियोजित कोशिश की गई है।
अलका पाल ने कहा कि उत्तराखंड में खुद भाजपा के एक पूर्व विधायक की पत्नी यह दावा कर चुकी हैं कि अंकिता भंडारी की हत्या उस वीआईपी गेस्ट को “सर्विस” देने से इनकार करने पर की गई, जो कोई और नहीं बल्कि भाजपा का एक शीर्ष राष्ट्रीय नेता था। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं था, तो हत्या के तुरंत बाद होटल पर बुलडोजर क्यों चलवाया गया? क्या यह महज़ संयोग है कि उसी होटल के कमरे में उस रात भाजपा के प्रभारी ठहरे हुए थे?

महानगर अध्यक्ष ने कहा कि “बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ” का नारा देने वाली सरकार की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का फर्क है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि जो सरकार खुद अपने रसूखदार लोगों को बचाने में जुटी हो, वह बेटियों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित कर सकती है।
अलका पाल ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार जानबूझकर वीआईपी का नाम सामने आने से रोक रही है। उन्होंने भाजपा को “वॉशिंग मशीन पार्टी” बताते हुए कहा कि दूसरी पार्टियों से आए नेताओं के दाग तो धो दिए जाते हैं, लेकिन अपने ही नेताओं पर लगे आरोपों को साफ करने का साहस भाजपा में नहीं है।
उन्होंने दो टूक कहा कि
“यही भाजपा का असली चरित्र है—ज़ुबान पर राम, मन में आसाराम।”
कांग्रेस अंकिता भंडारी और उसके परिवार को न्याय दिलाने के लिए सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई जारी रखेगी।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
