काशीपुर |31 दिसंबर 2025 कांग्रेस पार्टी किसानों के उत्पीड़न को किसी भी सूरत में सहन नहीं करेगी। सरकार को तत्काल किसानों की धान फसल का लंबित भुगतान करना होगा। यह बात वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री एवं महानगर कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष अलका पाल ने कही।
अलका पाल ने कहा कि धान फसल का भुगतान न होने से नाराज किसान इन कड़ाके की ठंड में सहकारी समिति के गेट पर खुले आसमान के नीचे धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर हैं। सरकार ने हजारों कुंतल धान की खरीद तो कर ली, लेकिन उसे सरकारी पोर्टल पर अपलोड न कर किसानों के हक पर डाका डाला जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि किसान इस समय गेहूं की फसल की बुवाई कर्ज लेकर कर रहे हैं। बीज, खाद और डीजल तक उधार में लिया जा रहा है, जबकि किसानों का अपना ही मेहनत का पैसा सरकार के पास अटका हुआ है। सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि आखिर सरकार किसानों का पोर्टल क्यों नहीं खोल रही है? जब धान की एंट्री ही पोर्टल पर नहीं की गई, तो नए साल में किसानों को भुगतान कैसे मिलेगा।
अलका पाल ने बताया कि 31 दिसंबर धान खरीद और पोर्टल एंट्री की अंतिम तिथि है, ऐसे में किसानों के सामने यह गंभीर सवाल खड़ा हो गया है कि उनका भुगतान आखिर किस तारीख को किया जाएगा।
कांग्रेस नेत्री ने कहा कि धान भुगतान रुकने से किसानों के घरेलू खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। अस्वस्थ परिजनों का इलाज, बच्चों की पढ़ाई, गेहूं की बुवाई, सहकारी समितियों और बैंकों का कर्ज—सब कुछ इसी भुगतान पर निर्भर है, लेकिन सरकार किसानों की पीड़ा सुनने को तैयार नहीं है।
अलका पाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकार को तत्काल धान फसल का भुगतान करना होगा। उन्होंने किसान नेताओं से संपर्क कर हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया और चेतावनी दी कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी किसानों के हित में सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।



सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
