काशीपुर | 31 दिसंबर 2025
काशीपुर। एक मकान के बेसमेंट से अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत बेहद खराब बताई जा रही है और प्रारंभिक अनुमान के अनुसार मृतक की मौत 10 से 15 दिन पूर्व हो चुकी है। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

बता दें कि यह मामला बसई चौराहा स्थित, विगार्ड फैक्ट्री के निकट बने एक मकान का है यह मामला आज दोपहर करीब 1:30 बजे का है। मकान में रहने वाली महिला जब घर के बाहर सफाई कर रही थी, उसी दौरान वह सफाई के लिए घर के नीचे बने बेसमेंट में गई। वहां उसने एक व्यक्ति को बेसमेंट में पड़ा हुआ देखा। इस दृश्य को देखकर महिला घबरा गई और तत्काल आसपास के लोगों को सूचना दी। इसके बाद मकान स्वामी ने सूर्या चौकी पुलिस को घटना की जानकारी दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और हालात को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम द्वारा घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य और नमूने एकत्र किए गए। बताया जा रहा है कि शव से तेज दुर्गंध आ रही थी, जिससे मौके पर अधिक देर तक रुकना मुश्किल हो रहा था।
पुलिस के अनुसार, मृतक के शरीर में कीड़े पड़ चुके हैं, जिससे उसके चेहरे की पहचान कर पाना संभव नहीं हो सका है। मृतक की शिनाख्त के प्रयास तेज करते हुए पुलिस ने शव की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की हैं और आसपास के सभी थाना क्षेत्रों को भी सूचना भेजी गई है।
इस संबंध में उप निरीक्षक रवीश कुमार ने बताया कि मकान स्वामी द्वारा शव मिलने की सूचना दी गई थी।
उन्होंने कहा,
“शव लगभग 10 से 15 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शरीर की हालत काफी खराब है और चेहरे की पहचान फिलहाल संभव नहीं है। मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है और हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह प्राकृतिक मौत है या हत्या।”

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में इस घटना के बाद से दहशत और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों से पर्दा उठ सकेगा।



सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
