काशीपुर |1 जनवरी 2026
नववर्ष के अवसर पर नगर निगम काशीपुर द्वारा शहर को स्वच्छ, स्वस्थ एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाए रखने के उद्देश्य से “SUSTAINABLE 2026 PLEDGE (शपथ कार्यक्रम)” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नगर निगम परिसर में प्रातः 11:30 बजे संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा सतत जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस अवसर पर उपस्थित लोगों से आह्वान किया गया कि “आज संकल्प लें, 2026 को स्वच्छ बनाएं — धरती, जल और वायु की रक्षा करें।”

कार्यक्रम के दौरान सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल ने नगर निगम के पर्यावरण मित्रों को सस्टेनेबल 2026 की शपथ दिलाई। शपथ के माध्यम से पर्यावरण मित्रों ने नगर को स्वच्छ रखने, प्रदूषण को कम करने, प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग तथा आमजन को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा, सफाई निरीक्षक मनोज बिष्ट, नगर निगम के कर्मचारी, पर्यावरण मित्र एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान नववर्ष की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान भी किया गया।

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि यह पहल स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 एवं केंद्र सरकार के LiFE (Lifestyle for Environment) अभियान की भावना को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
नगर निगम काशीपुर ने समस्त नगरवासियों एवं सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे नगर को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर काशीपुर बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाएं।



सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
