oplus_0
काशीपुर | 3 जनवरी 2026
बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर शनिवार को काशीपुर में कांग्रेस पार्टी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
महानगर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में उप जिलाधिकारी (SDM) कार्यालय, काशीपुर में प्रातः 11 बजे से विशाल धरना-प्रदर्शन किया गया, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेश महासचिव अनुपम शर्मा ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी की हत्या में शामिल भाजपा के बड़े नेताओं को सरकार बचाने का काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि जब खुद भाजपा विधायक की पत्नी ने वीडियो जारी कर यह दावा किया है कि उनके पास अंकिता हत्याकांड से जुड़े साक्ष्य मौजूद हैं, तो सरकार सीबीआई जांच से क्यों भाग रही है।
अनुपम शर्मा ने कहा,
“अगर भाजपा के बड़े नेता दोषी नहीं हैं तो सीबीआई जांच से डर क्यों? कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी और दोषियों को बेनकाब कर न्याय दिलाकर रहेगी।”
उन्होंने आरोप लगाया कि होटल में नेताओं द्वारा की जाने वाली गलत मांगों को अंकिता ने ठुकराया, जिसकी कीमत उसे अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। कांग्रेस पार्टी इस जघन्य अपराध की कड़े शब्दों में निंदा करती है और जब तक न्याय नहीं मिलेगा, संघर्ष जारी रहेगा।

वहीं महानगर कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष श्रीमती अलका पाल ने कहा कि
“उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी की हत्या भाजपा नेता द्वारा की गई, जिसका खुलासा भाजपा विधायक की पत्नी ने स्वयं किया है, फिर भी सरकार आरोपियों को बचा रही है।”
उन्होंने कहा कि आज तक अंकिता को न्याय न मिलना सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है। उत्तराखंड निर्माण आंदोलन में महिलाओं की अहम भूमिका रही है, लेकिन आज उसी उत्तराखंड में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं।
अलका पाल ने चंपावत और रुद्रपुर की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा शासन में महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार आंख मूंदे बैठी है।
उन्होंने मांग की कि अंकिता हत्याकांड की सीबीआई जांच कराकर सभी सच्चाई जनता के सामने लाई जाए।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
