काशीपुर। 3 जनवरी 2026 नगर को स्वच्छ, सुंदर और मॉडल सिटी बनाने की दिशा में नगर निगम ने कमर कस ली है। महापौर दीपक बाली ने साफ शब्दों में कहा कि आने वाले दो महीनों में काशीपुर में ऐसी सफाई और व्यवस्थाएं लागू की जाएंगी, जो देश के स्वच्छता मॉडल माने जाने वाले इंदौर और भोपाल में भी देखने को नहीं मिलेंगी।
नगर निगम सभागार में आयोजित यूजर चार्ज कलेक्शन समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए महापौर दीपक बाली और मुख्य नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट ने शहर की सफाई व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए अधिकारियों व कर्मचारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।

???? यूजर चार्ज से बदलेगा शहर का चेहरा
महापौर ने नगर की जनता से अपील की कि बेहतर सफाई व्यवस्था के लिए यूजर चार्ज समय पर जमा करें, ताकि नगर निगम विकास कार्यों को और गति दे सके। उन्होंने कहा कि जिन वार्डों में 100 प्रतिशत यूजर चार्ज वसूली होगी, वहां कार्यरत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को बिना किराए के दुकानें उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे उनकी आय भी बढ़ेगी।
???? कूड़ा मुक्त वार्ड को मिलेगा 1 करोड़ का इनाम
महापौर ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि जिन वार्डों में एक भी कूड़ा पॉइंट नहीं बचेगा, उन वार्डों में अतिरिक्त एक करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जाएंगे।

???? महिला कर्मचारियों की सुरक्षा की गारंटी
यूजर चार्ज वसूली में लगी महिला कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर महापौर ने कहा,
“महिला कर्मचारियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी मेरी व्यक्तिगत होगी।”
उन्होंने निर्देश दिए कि जो लोग यूजर चार्ज नहीं देते, उनसे किसी प्रकार का विवाद न किया जाए, बल्कि केवल रिपोर्ट तैयार की जाए। साथ ही स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को विनम्र व्यवहार रखने की हिदायत दी गई और उनके कमीशन बढ़ाने की भी घोषणा की गई।
???? 3 फुट चौड़ी गलियों तक पहुंचेगी सफाई गाड़ी
महापौर ने बताया कि काशीपुर के लिए नई तकनीक की सफाई गाड़ियों का चयन किया गया है, जो 3 फुट चौड़ी गलियों तक भी पहुंच सकेंगी। इसके साथ ही शहर के लिए बन रहे मास्टर प्लान के आधार पर यह तय किया जाएगा कि स्वच्छता के लिए किन संसाधनों की कितनी जरूरत है।

???? सूखा-गीला कूड़ा पहचानने की स्क्रिप्ट तैयार
बैठक में निर्देश दिए गए कि जनता को सूखे और गीले कूड़े की पहचान समझाने के लिए एक प्रभावी स्क्रिप्ट तैयार की जाए, ताकि कूड़ा प्रबंधन को और बेहतर बनाया जा सके।
???? अधिकारियों-कर्मचारियों के काम की सराहना
समीक्षा बैठक में यूजर चार्ज की मासिक वसूली पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल शाह, सफाई निरीक्षक मनोज बिष्ट, जितेंद्र देवांतक, मोहम्मद फरीद, तनवीर, भाव्य पांडे, लेखाकार शिवेंद्र खानायत, स्वयं सहायता समूह की महिला कर्मचारी, नगर निगम स्टाफ एवं पार्षद पुष्कर बिष्ट, राशिद फारुकी, सलीम, बीना नेगी, सीमा सागर, संदीप, मोनू, तबस्सुम, गुंजन प्रजापति, कुलदीप शर्मा, अनूप प्रताप, मोनिष, रवि प्रजापति, शरीफ अहमद, दीपा पाठक, अरशद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
बैठक के समापन पर नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महापौर के नेतृत्व में काशीपुर निश्चित रूप से विकास और स्वच्छता की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
