काशीपुर, 5 जनवरी 2026।
सिख धर्म के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी के पावन प्रकाश उत्सव के अवसर पर काशीपुर नगर में श्रद्धा, उत्साह और भाईचारे के साथ विशाल नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। पूरा नगर भक्ति भाव, शबद-कीर्तन और सेवा के रंग में रंगा नजर आया।
नगर कीर्तन का शुभारंभ सुबह करीब 8 बजे बड़े गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब से हुआ, जो किला बाजार, मेन मार्केट, एमपी चौक, स्टेडियम और मानपुर रोड से होते हुए देर शाम पुनः गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर समापन होगा। नगर कीर्तन में हजारों की संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हुए। सैकड़ों वाहनों की कतारों के साथ निकले नगर कीर्तन ने पूरे शहर को उत्सव में बदल दिया।

इस दौरान जगह-जगह लंगर सेवा, फल वितरण और जलपान की व्यवस्था की गई। सिख समाज की सेवा परंपरा और भाईचारे की भावना ने नगरवासियों का मन मोह लिया। श्रद्धालुओं के साथ-साथ अन्य समाज के लोगों ने भी सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।

पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे नगर कीर्तन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो रहा है।
नगर कीर्तन में पहुंचे महापौर दीपक वाली ने गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश उत्सव पर बधाई देते हुए कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी का जीवन देश, धर्म और मानवता की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उनका त्याग और बलिदान आज भी समाज को एकजुट रहने की प्रेरणा देता है।

वहीं पूर्व विधायक हरभजन सिंह “सीमा” ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी ने देश और कौम की रक्षा के लिए अद्वितीय बलिदान दिया। अपने चारों साहिबजादों और माता जी की शहादत देकर उन्होंने इतिहास में अमिट उदाहरण प्रस्तुत किया, जिस पर पूरी दुनिया गर्व करती है।

इसी क्रम में कांग्रेस की महानगर अध्यक्ष श्रीमती अलका पाल ने भी गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश उत्सव पर सभी देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज काशीपुर में जिस उत्साह और श्रद्धा के साथ नगर कीर्तन निकाला जा रहा है, वह आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रतीक है। हजारों की संख्या में लोगों की सहभागिता यह दर्शाती है कि गुरु गोविंद सिंह जी के विचार और आदर्श आज भी समाज को जोड़ने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी का जन्मदिन सभी धर्मों और समाजों के लोगों द्वारा मिल-जुलकर मनाया जाना हमारी साझा संस्कृति और सौहार्द की पहचान है।
नगर कीर्तन के दौरान शबद-कीर्तन, धार्मिक झांकियों और सेवा कार्यों ने वातावरण को पूरी तरह आध्यात्मिक बना दिया। आयोजन ने समाज में प्रेम, एकता और मानवता का संदेश दिया, जिससे काशीपुर नगर में पूरे दिन उत्सव का माहौल बना रहा।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
