काशीपुर। 8 जनवरी 20 26 बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भाजपा द्वारा कांग्रेस नेताओं के पुतले फूंके जाने पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। महानगर कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष अलका पाल ने कहा कि भाजपा का यह कृत्य उसकी खीज और सच्चाई से डर को उजागर करता है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सत्य को दबाया नहीं जा सकता, चाहे सत्ता कितनी भी कोशिश क्यों न कर ले।

अलका पाल ने कहा कि कांग्रेस द्वारा अंकिता भंडारी हत्याकांड में सीबीआई जांच की मांग उठाए जाने पर भाजपा नेताओं की ओर से दिल्ली में मानहानि का मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी जा रही है, जो पूरी तरह अलोकतांत्रिक है। उन्होंने कहा कि इस तरह की धमकियां जन आक्रोश को शांत करने की बजाय उसमें घी डालने का काम करेंगी।
????️ मुख्यमंत्री के बयान पर सवाल
वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री अलका पाल ने मुख्यमंत्री के उस बयान को भी हास्यपद और दुर्भाग्यपूर्ण बताया, जिसमें कहा गया है कि “अंकिता के माता-पिता जो आदेश देंगे, सरकार वही मानेगी।”
उन्होंने कहा कि यह बयान न केवल संविधान और कानून की भावना के खिलाफ है, बल्कि शासन की जिम्मेदारी से बचने का प्रयास भी दर्शाता है।
अलका पाल ने कहा,
“किसी हत्या की जांच माता-पिता के आदेश से नहीं, बल्कि कानून और न्यायिक प्रक्रिया के तहत होती है। सरकार को भावनात्मक बयान देने के बजाय अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी निभानी चाहिए।”
⚖️ न्याय की मांग, दबाव की राजनीति नहीं
उन्होंने कहा कि अंकिता के माता-पिता लंबे समय से न्याय की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन भाजपा सरकार उनके साथ खड़े होने वालों पर मुकदमे दर्ज करने की बात कर रही है। यह भाजपा का दोहरा चाल-चलन है, जिसे अब उत्तराखंड की जनता भली-भांति समझ चुकी है।
अलका पाल ने दो टूक कहा कि भाजपा चाहे जितनी कोशिश कर ले, सत्य को न दबाया जा सकता है और न मिटाया जा सकता है। जन आक्रोश लगातार बढ़ रहा है और सरकार को इसका जवाब देना ही पड़ेगा।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
