काशीपुर। 12 जनवरी 20 26
काठगोदाम थाना क्षेत्र के एक निजी होटल में काशीपुर निवासी किसान सुखवंत सिंह द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना को कांग्रेस कमेटी की महानगर अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री अलका पाल ने अत्यंत दुखद, हृदयविदारक और पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े करने वाली घटना बताया है।
अलका पाल ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला सुनियोजित ठगी और गंभीर प्रशासनिक लापरवाही से जुड़ा प्रतीत होता है। आत्महत्या से पूर्व सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में किसान सुखवंत सिंह द्वारा लगाए गए आरोप बेहद गंभीर हैं, जिनमें जमीन के नाम पर लगभग 4 करोड़ रुपये की ठगी की बात सामने आई है।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ने सवाल उठाते हुए कहा कि यह आश्चर्यजनक और चिंताजनक है कि किसान द्वारा पूर्व में शिकायत किए जाने के बावजूद समय रहते कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने कहा कि एक किसान का इस तरह मानसिक रूप से टूटकर आत्महत्या जैसा कदम उठाना केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि पूरी न्याय और प्रशासनिक व्यवस्था की असफलता को उजागर करता है।
अलका पाल ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से मांग करते हुए कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शीघ्र जांच कराई जाए, ताकि दोषियों को किसी भी सूरत में बचने का मौका न मिले। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जांच में यदि शासन या प्रशासन की किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो कांग्रेस इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।
कांग्रेस नेत्री ने दो टूक कहा कि पार्टी इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीड़ित पक्ष को न्याय मिलना ही चाहिए, यही कांग्रेस की प्रतिबद्धता है।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
