काशीपुर। 12 जनवरी 2026 किसान के द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में अब पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर 26 लोगों के खिलाफ नाम दर्ज मुकदमा दर्ज कर लिया है। बता दें कि काशीपुर निवासी किसान सुखवंत सिंह की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाते हुए कोतवाली आईटीआई में 26 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई मृतक के परिजनों द्वारा दी गई विस्तृत तहरीर के आधार पर की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब इसकी जांच कुमाऊं कमिश्नर महोदय द्वारा कराई जाएगी।

करोड़ों की जमीन का सौदा, न रजिस्ट्री हुई न पैसा लौटा
तहरीर के अनुसार सुखवंत सिंह और उनके भाई ने जमीन खरीदने के लिए बलवंत सिंह उर्फ काला और कुलवंत सिंह बक्सौरा से संपर्क किया था। बाद में कथित रूप से उन्हें बताया गया कि जमीन का सौदा प्रॉपर्टी डीलर अमरजीत सिंह, आशीष चौहान उर्फ पटवारी और कुलविंदर सिंह के माध्यम से किया जाएगा।
आरोप है कि 34 लाख रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से 6.84 एकड़ जमीन का सौदा कराया गया। रजिस्ट्री के नाम पर अतिरिक्त रकम भी ली गई और कुल मिलाकर करीब चार करोड़ रुपये आरोपियों को दे दिए गए। इसके बावजूद न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई गई और न ही रकम वापस की गई।

3 करोड़ 82 लाख रुपये हड़पने का आरोप
परिजनों का कहना है कि आरोपियों ने बैंक खातों और नकद लेनदेन के माध्यम से करीब 3 करोड़ 82 लाख रुपये हड़प लिए। जब पीड़ित पक्ष ने बार-बार रजिस्ट्री कराने या पैसा लौटाने की मांग की, तो कथित रूप से उन्हें टालमटोल, धमकी और मानसिक दबाव का सामना करना पड़ा।

आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला
तहरीर में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि 10 जनवरी 2026 की रात हल्द्वानी के एक होटल में सुखवंत सिंह द्वारा की गई आत्महत्या के लिए उपरोक्त सभी आरोपी जिम्मेदार हैं। पुलिस ने इस प्रकरण को आत्महत्या के लिए उकसाने के एंगल से भी दर्ज किया है।

ये हैं नामजद आरोपी
अमरजीत सिंह, दिव्या, रविंद्र कौर, लवप्रीत कौर, कुलविंदर सिंह उर्फ जस्सी, हरदीप कौर, आशीष चौहान उर्फ पटवारी, इसकी पत्नी गिरवर सिंह, महिपाल सिंह, शिवेंद्र सिंह, विमल, विमल की पत्नी, देवेंद्र, राजेंद्र, गुरप्रेम सिंह, जगपाल सिंह, जगवीर राय, मनप्रीत कलेसी, अमित, मोहित, सुखवंत सिंह पन्नू, वीरपाल सिंह पन्नू, बलवंत सिंह बक्सौरा, बिजेंद्र, पूजा और जहीर गड्ढा कालोनी। समेत कुल 26 लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस को आशंका है कि यह मामला संगठित प्रॉपर्टी ठगी गिरोह से जुड़ा हो सकता है।
पुलिस का आधिकारिक बयान
पुलिस अधीक्षक स्वप्न किशोर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच कुमाऊं कमिश्नर महोदय द्वारा की जाएगी। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ कोतवाली आईटीआई में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
