काशीपुर। 13 जनवरी 2026
ग्राम पैगा निवासी किसान सुखवंत सिंह द्वारा कथित जमीन धोखाधड़ी और उत्पीड़न के बाद आत्महत्या किए जाने के मामले में प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है। मंगलवार को काशीपुर के महापौर दीपक बाली मृतक के आवास पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
इस दौरान महापौर दीपक बाली ने परिजनों की फोन पर सीधे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बातचीत कराई। मुख्यमंत्री ने घटना को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताते हुए परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं तथा जांच की जिम्मेदारी कुमाऊं आयुक्त को सौंपी गई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि डीजीपी, गृह सचिव समेत सभी वरिष्ठ अधिकारी पूरे प्रकरण पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता, सुरक्षा और बच्चों के भविष्य का ध्यान रखने का भी आश्वासन दिया।

परिजनों ने मुख्यमंत्री से बातचीत के दौरान केवल न्याय की मांग की और विश्वास जताया कि सरकार निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सजा दिलाएगी।
महापौर दीपक बाली ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वह लगातार मुख्यमंत्री के संपर्क में रहे ताकि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर पहले ही लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की जा चुकी है। चौकी स्तर पर निलंबन और लाइन हाजिर की कार्रवाई हो चुकी है, वहीं जमीन और धन से जुड़े धोखाधड़ी मामलों की जांच के लिए कई पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं।
महापौर ने कहा कि काशीपुर में माफिया और गुंडों को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा और पूरे मामले में “दूध का दूध और पानी का पानी” किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन 26 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, उनके अलावा यदि कोई अन्य व्यक्ति परदे के पीछे से दोषी पाया गया, तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

परिजनों की सुरक्षा को लेकर महापौर दीपक बाली ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए, जिसके बाद परिवार की सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मी तैनात कर दिए गए हैं और क्षेत्र में गश्त भी बढ़ा दी गई है।
अंत में परिजनों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा दिए गए आश्वासन पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि सरकार उनके साथ न्याय करेगी।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक स्वतंत्र किशोर, क्षेत्राधिकारी दीपक कुमार, तहसीलदार पंकज चंदोला, भारतीय किसान यूनियन युवा विंग के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र कुमार जीतू, मुकेश चावला, पार्षद संदीप मोनू, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष जगजीत सिंह हैप्पी, जसपाल सिंह जस्सी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
???? काशी क्रांति इस मामले से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पर लगातार नजर बनाए हुए है।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
