रुद्रपुर, 13 जनवरी 2026।
लोक समस्या निवारण कार्यक्रम के अंतर्गत उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग की उपाध्यक्ष फरजाना बेगम ने मंगलवार को विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर विभागीय योजनाओं के मूल्यांकन एवं अनुश्रवण की समीक्षा की।
बैठक को संबोधित करते हुए फरजाना बेगम ने कहा कि सरकार द्वारा अल्पसंख्यक समुदाय के लिए संचालित सभी योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र लाभार्थी योजनाओं से वंचित न रहे।

बैठक के दौरान आयोग की उपाध्यक्ष ने विभिन्न विभागों से अल्पसंख्यक समुदाय के लिए संचालित योजनाओं का विवरण लिया तथा प्रत्येक विभाग द्वारा अल्पसंख्यकों को लाभान्वित किए जाने की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और संवेदनशीलता बरती जाए।
इस अवसर पर फरजाना बेगम ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को वर्ष 2024 से लंबित तीन शिकायती प्रकरणों में शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

लोक समस्या निवारण कार्यक्रम के अंतर्गत उन्होंने समस्त विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि अल्पसंख्यक समुदायों, विशेषकर महिलाओं को विभागीय योजनाओं की जानकारी व्यापक स्तर पर उपलब्ध कराई जाए, जिससे योजनाओं का उद्देश्य पूर्ण हो सके और अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके।
बैठक में आयोग के सदस्य नफीस अहमद, शारिक मलिक, शकील अहमद, सुरेन्द्र कुमार जैन, सचिव जे.एस. रावत, जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नंदनी तोमर, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध, जिला प्रोवेशन अधिकारी व्योमा जैन, सहायक नगर आयुक्त राजू नबियाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी मुकुल चौधरी, जिला शिक्षा अधिकारी हरेन्द्र मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
