रूद्रपुर | 15 जनवरी 2026 भूमि विवादों में शीघ्र निस्तारण को विशेष अभियान चलाया जाएगा यह निर्देश प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिए हैं। बता दें कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रदेश में भूमि विवादों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए दिए गए निर्देशों के क्रम में जनपद ऊधम सिंह नगर में विशेष अभियान शुरू किया गया है। इसी के तहत जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय की अध्यक्षता में गठित समिति की बैठक अपर जिलाधिकारी प्रशासन के कार्यालय में आयोजित की गई।

बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने सभी उप जिलाधिकारियों, नगर आयुक्तों एवं चकबन्दी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित भूमि विवादों के मामलों का विशेष अभियान चलाकर परीक्षण करें और एक सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें, ताकि भूमि विवादों का शीघ्र निस्तारण किया जा सके।
उन्होंने कहा कि भूमि विवादों की प्रकृति, उनसे जुड़े पक्षों, विवाद के कारणों तथा उनसे कानून व्यवस्था पर पड़ने वाले प्रभावों का समग्र आकलन किया जाना आवश्यक है। इसके साथ ही भूमि विवादों से संबंधित प्रकरणों में उपलब्ध कानूनी एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की भी गहन जांच कर रिपोर्ट में शामिल करने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि भूमि विवादों के कारण यदि कानून व्यवस्था प्रभावित होती है, तो ऐसे मामलों को अत्यंत गंभीरता से लिया जाएगा और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में समिति के सदस्य अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी, बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी किशोरी कुटियाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सभी उप जिलाधिकारी एवं नगर आयुक्त वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
