कुरुक्षेत्र/देहरादून। आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने संगठनात्मक तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में हरियाणा के कुरुक्षेत्र में 13 जनवरी से आयोजित 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला में उत्तराखंड के जिला और महानगर अध्यक्षों ने भाग लिया। शिविर का उद्देश्य पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और भाजपा की चुनावी चुनौती का रणनीतिक मुकाबला तैयार करना बताया गया।
10 दिवसीय कार्यशाला में राष्ट्रीय नेतृत्व ने जिला–महानगर अध्यक्षों को दिए चुनावी प्रबंधन और बूथ मजबूती के गुर

प्रशिक्षण शिविर में कांग्रेस के राष्ट्रीय स्तर के कई वरिष्ठ नेताओं ने भाग लेकर संगठनात्मक संरचना, चुनावी रणनीति और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, राष्ट्रीय महासचिव कुमारी शैलजा, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला, प्रशिक्षण शिविर के राष्ट्रीय संयोजक सचिन राव, एआईसीसी कोऑर्डिनेटर के. राजू, राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी, राष्ट्रीय महासचिव बी.के. हरिप्रसाद, राष्ट्रीय सचिव काजी निजामुद्दीन सहित कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।
उत्तराखंड से पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भी शिविर में सहभागिता कर राज्य की राजनीतिक परिस्थिति और संगठनात्मक जरूरतों पर चर्चा की।
सूत्रों के अनुसार कार्यशाला में बूथ प्रबंधन, सोशल मीडिया की भूमिका, जमीनी मुद्दों की पहचान, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और चुनावी मैनेजमेंट जैसे विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए गए। नेताओं ने जिला और महानगर अध्यक्षों को स्पष्ट संदेश दिया कि आगामी चुनाव में जीत संगठन की मजबूती और जमीनी सक्रियता पर निर्भर करेगी।
महानगर कांग्रेस कमेटी काशीपुर की अध्यक्ष अलका पाल, जो इस प्रशिक्षण शिविर में शामिल रहीं, ने बताया कि यह कार्यशाला संगठन को भविष्य की चुनावी चुनौती के लिए तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व के साथ संवाद से संगठनात्मक दृष्टि स्पष्ट हुई है और इससे जमीनी स्तर पर काम करने की नई ऊर्जा मिलेगी।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कांग्रेस इस बार चुनावी वर्ष से काफी पहले संगठन को सक्रिय कर दीर्घकालिक रणनीति पर काम कर रही है। भाजपा जहां अपने शासन के प्रदर्शन को मुद्दा बनाने की तैयारी में है, वहीं कांग्रेस संगठनात्मक पुनर्गठन और स्थानीय नेतृत्व को सशक्त करने पर जोर देती दिखाई दे रही है।
कुरुक्षेत्र का यह प्रशिक्षण शिविर संकेत देता है कि उत्तराखंड में 2027 का चुनावी मुकाबला केवल मुद्दों का नहीं, बल्कि संगठनात्मक ताकत की भी परीक्षा होगा।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
