काशीपुर | प्रमुख समाचार 24 जनवरी 2025
भाजपा के भीतर उभर रही अंदरूनी खींचतान अब खुलकर सार्वजनिक मंचों पर दिखाई देने लगी है। गदरपुर विधायक अरविंद पाण्डेय और काशीपुर के मेयर दीपक बाली के बीच चल रही राजनीतिक तल्खी के बीच अब भाजपा नेता व पूर्व विधायक प्रत्याशी गगन कांबोज भी खुलकर मैदान में उतर आए हैं। लगातार हो रही प्रेस वार्ताओं और तीखे बयानों ने काशीपुर की राजनीति का पारा चढ़ा दिया है।

बीते रोज मेयर दीपक बाली द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में विधायक अरविंद पाण्डेय पर तीखा हमला बोला गया था। इसके जवाब में आज गगन कांबोज ने प्रेस वार्ता कर न केवल पाण्डेय का समर्थन किया, बल्कि मेयर दीपक बाली पर भी गंभीर राजनीतिक आरोप लगाए।
प्रेस वार्ता के दौरान गगन कांबोज ने मेयर की चुनावी जीत को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि मेयर बार-बार यह कहते हैं कि उन्हें जनता ने चुना है, लेकिन यदि ऐसा है तो वे सार्वजनिक रूप से शपथ लेकर यह बात दोहराएं। कांबोज ने दावा किया कि चुनाव परिणाम को लेकर कई लोगों के मन में संदेह हैं। हालांकि उन्होंने अपने आरोपों के समर्थन में कोई ठोस प्रमाण सार्वजनिक रूप से पेश नहीं किया।
कांबोज ने यह भी कहा कि यदि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो तो कई तथ्य सामने आ सकते हैं। उनके इन बयानों के बाद स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। वहीं, खबर लिखे जाने तक मेयर दीपक बाली की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चुनावी वर्ष से पहले सत्तारूढ़ दल के नेताओं के बीच इस तरह की सार्वजनिक बयानबाज़ी संगठन के लिए असहज स्थिति पैदा कर सकती है। काशीपुर में चल रही यह सियासी जंग अब प्रदेश स्तर पर भी चर्चा का विषय बनती जा रही है।
फिलहाल निगाहें भाजपा नेतृत्व की अगली रणनीति पर टिकी हैं — क्या यह विवाद अंदरूनी स्तर पर सुलझेगा या बयानबाज़ी का यह दौर और तेज होगा।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
