रुद्रपुर, 18 जनवरी 2026 किसान सुखवंत सिंह आत्महत्या प्रकरण के बाद प्रदेशभर में उठ रही न्याय की आवाज़ों के बीच शनिवार को जनपद मुख्यालय कलेक्ट्रेट परिसर में एक और गंभीर मामला सामने आया, जहां भूमि विवाद से पीड़ित एक महिला अपने परिवार के साथ धरने पर बैठ गई। पीड़ित परिवार ने न्याय न मिलने की स्थिति में आत्महत्या जैसा कठोर कदम उठाने की चेतावनी देते हुए अपनी आपबीती प्रशासन के सामने रखी।
धरने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय दिया। अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा स्वयं मौके पर पहुंचे और पूरे प्रकरण को गंभीरता से सुना।

यह मामला ग्राम शेखपुरा हसनपुर रहमतगंज, स्वार (रामपुर) निवासी किंदरजीत कौर पत्नी जगतार सिंह से जुड़ा है। महिला का आरोप है कि उनकी कनौरी काशीपुर बायपास रोड, बाजपुर स्थित भूमि सहित अन्य कृषि भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। आरोपों में मारपीट, धमकी देने और दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप भी शामिल हैं।
एडीएम श्री कौस्तुभ मिश्रा ने पीड़िता से बातचीत कर भरोसा दिलाया कि पूरे मामले की निष्पक्ष, तथ्यपरक और समयबद्ध जांच कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वे कितने ही प्रभावशाली क्यों न हों।

अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि अभिलेखों, सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण की गहन जांच की जाए और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।प्रशासन से ठोस आश्वासन मिलने के बाद महिला एवं उनके परिजनों ने धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।जिला प्रशासन ने इस अवसर पर दो टूक कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित समाधान उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी नागरिक के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। भूमि विवाद हो या कानून व्यवस्था से जुड़ा कोई भी मामला, प्रशासन हर स्तर पर निष्पक्षता, संवेदनशीलता और सख्ती के साथ कार्रवाई करेगा।इस दौरान एसडीएम गौरव पाण्डे, अमृता शर्मा, सीओ आर.डी. वर्मा एवं तहसीलदार दिनेश कुटोला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
