oplus_0
काशीपुर। गणतंत्र दिवस के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में 25 जनवरी 2026 को कोतवाली कुंडा पुलिस ने सूर्या चौकी बॉर्डर पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान सीमा क्षेत्र से होकर गुजरने वाले वाहनों की गहन जांच की गई।

पुलिस टीम ने आने-जाने वाले दोपहिया, चारपहिया और अन्य वाहनों को रोककर दस्तावेजों की जांच की। संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखते हुए वाहन चालकों से पूछताछ भी की गई। इस दौरान जिन वाहनों में कागजातों की कमी या अन्य अनियमितताएं पाई गईं, उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए नकद और ऑनलाइन चालान किए गए।
चेकिंग अभियान में उप निरीक्षक रवीश कुमार, कांस्टेबल नवीन शर्मा, धर्मेंद्र भारती और सूरज बोरा सहित पुलिस कर्मी मौजूद रहे।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) दीपक सिंह ने बताया कि गणतंत्र दिवस के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सीमावर्ती क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर लगातार चेकिंग की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे पुलिस का सहयोग करें और सभी वैध दस्तावेज साथ लेकर चलें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा के दृष्टिगत ऐसे चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
