काशीपुर। 26 जनवरी 2026 नगर निगम प्रांगण में गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के माहौल के साथ मनाया गया। समारोह के दौरान महापौर दीपक बाली, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा तथा मुख्य नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।

नगर निगम सभागार में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। वहीं लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने का संदेश दिया गया। कलाकारों ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई।
इस अवसर पर महापौर दीपक बाली ने नगर निगम द्वारा संचालित विकास कार्यों की जानकारी साझा करते हुए भावुक अपील की कि शहर की स्वच्छता केवल निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की भागीदारी से ही संभव है। उन्होंने कहा, “यह शहर आपका है, इसे साफ और सुंदर रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।”

समारोह के दौरान कारगिल युद्ध के शहीदों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों तथा राज्य आंदोलनकारियों नीरज गुप्ता, नरपत सिंह राजपूत, शोभित शर्मा एवं राजेंद्र सिंह के पुत्र को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। राज्य आंदोलनकारी होने के नाते महापौर दीपक बाली को भी पूर्व मेयर श्रीमती उषा चौधरी, नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट तथा नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष जनाब शमसुद्दीन ने सम्मानित किया।
इसके अलावा समाजहित में योगदान देने वाले कई गणमान्य व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार विनोद भगत की पुस्तक “दरकते सपने” का विमोचन भी किया गया। पुस्तक में सामाजिक सरोकारों और संवेदनशील विषयों को प्रभावशाली कहानियों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। यह उनका तीसरा प्रकाशन बताया गया।
कार्यक्रम स्थल पर स्वच्छता शपथ से संबंधित एक हस्ताक्षर बोर्ड भी लगाया गया, जहां लोगों ने हस्ताक्षर कर स्वच्छ शहर का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा ने किया।
इस अवसर पर पार्षद पुष्कर बिष्ट, प्रिंस बाली, अनीता कांबोज, वैशाली गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि एवं पार्षद विजय बॉबी, गुंजन प्रजापति, पूर्व सैनिक, भाजपा नेता ईश्वर चंद्र गुप्ता, राजीव अरोरा बच्चू, डॉ. संतोष श्रीवास्तव, मुहम्मद अशरफ सिद्दीकी (एडवोकेट), सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल, कायस्थ सभा अध्यक्ष अभिताभ सक्सेना, एडवोकेट गौरव सक्सेना, संजय भाटिया, मुकेश पाहवा, चौधरी समरपाल सिंह, राजकुमार यादव, पूर्व वाइस चेयरमैन कैलाश चंद प्रजापति, एडवोकेट मोहम्मद सादिक, भाजपा मंडल अध्यक्ष कल्पना राणा, अर्जुन सिंह, सफाई निरीक्षक मनोज बिष्ट, भाव्या पांडे, मोहम्मद कादिर सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में मुख्य नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट ने भारतीय संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के समापन पर मिष्ठान वितरण किया गया तथा उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले स्कूली बच्चों को सम्मानित भी किया गया।




































सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
