रुद्रपुर, 02 फरवरी 2026।
पेंशन निधि विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (PFRDA), भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति, उत्तराखण्ड तथा जिला अग्रणी बैंक, उधम सिंह नगर के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को होटल सोनिया, रामपुर रोड, रुद्रपुर में “अटल पेंशन योजना – सामुदायिक संपर्क एवं समीक्षा बैठक” का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य खाताधारकों और असंगठित क्षेत्र के अधिकाधिक लोगों को पेंशन सुरक्षा से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम में सुश्री ममता शंकर, पूर्णकालिक सदस्य (अर्थशास्त्र) ने मुख्य भाषण दिया, जबकि श्री के.आर. दौलथ अली खान, महाप्रबंधक, PFRDA ने विशेष संबोधन में अटल पेंशन योजना की आवश्यकता और सामाजिक सुरक्षा में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला।
बैठक में श्री सुशील मोहन डोभाल, जिला विकास अधिकारी (उधम सिंह नगर), श्री राजीव रंजन, डीजीएम (एसबीआई), श्री दीपक ममगाईं, सहायक महाप्रबंधक (एसएलबीसी, देहरादून) तथा श्री संतोष कुमार पाण्डेय, उप क्षेत्रीय प्रबंधक (बैंक ऑफ बड़ौदा) सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
निशांत आनंद, प्रबंधक (PFRDA) ने अटल पेंशन योजना पर विस्तृत प्रस्तुति देते हुए वीडियो माध्यम से योजना की विशेषताओं और लाभों की जानकारी दी। बैठक में सभी हितधारकों ने APY नामांकन बढ़ाने के लिए सुनियोजित रणनीति तैयार करने पर विचार-विमर्श किया तथा विशेष रूप से वंचित वर्ग एवं असंगठित क्षेत्र के लोगों को योजना से जोड़ने पर सहमति व्यक्त की।
कार्यक्रम में लगभग 100 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर बैंक ऑफ बड़ौदा, नैनीताल बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक, आईडीबीआई बैंक और इंडियन ओवरसीज़ बैंक को वित्तीय वर्ष 2024-25 में APY नामांकन लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति करने पर PFRDA द्वारा सम्मानित किया गया।
बैठक में बैंक ऑफ बड़ौदा, एसबीआई, पीएनबी सहित विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक एवं अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन अग्रणी जिला प्रबंधक द्वारा सभी अधिकारियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
