रुद्रपुर, 06 फरवरी 2026।
जिले की बेटियों को आत्मरक्षा और आत्मविश्वास से सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिला जू-जित्सु एसोसिएशन ऑफ उधम सिंह नगर द्वारा “पांचवीं जिला स्तरीय महिला जू-जित्सु प्रतियोगिता 2026” का आयोजन 8 फरवरी 2026 को श्री दुर्गा मंदिर हॉल, रुद्रपुर में किया जाएगा। प्रतियोगिता की थीम “बेटी निडर, समाज बेहतर” रखी गई है।
जिला जू-जित्सु एसोसिएशन के महासचिव ऋषि पाल भारती ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान समय में आत्मरक्षा केवल खेल नहीं, बल्कि हर महिला की अनिवार्य आवश्यकता बन चुकी है। समाज में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को देखते हुए बेटियों का मानसिक व शारीरिक रूप से सशक्त होना बेहद जरूरी है। आत्मरक्षा का प्रशिक्षण बालिकाओं के भीतर छिपे डर को समाप्त कर उन्हें अपराजेय बनने का आत्मविश्वास प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य जिले की महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक करना और उन्हें आत्मरक्षा के प्रति प्रेरित करना है, ताकि वे अपने जीवन में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे सकें। इसी उद्देश्य के तहत जिला जू-जित्सु एसोसिएशन द्वारा प्रत्येक वर्ष निःशुल्क जू-जित्सु प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है।
महासचिव भारती ने आगे बताया कि प्रतियोगिता में संपूर्ण जनपद से लगभग 150 बालिकाएं विभिन्न आयु वर्गों — सब जूनियर, कैडेट, जूनियर एवं एडल्ट वर्ग — की जू-जित्सु फाइटिंग स्पर्धा में प्रतिभाग करेंगी। इनमें से अधिकांश बालिकाएं वर्तमान में र.म.सा. एवं समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत संचालित रानी लक्ष्मी बाई आत्म-सुरक्षा प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
प्रतियोगिता के निष्पक्ष एवं सफल संचालन हेतु टूर्नामेंट डायरेक्टर सिहान किशोर सिंह की देखरेख में एक निर्णायक मंडल का गठन किया गया है।
यह आयोजन न केवल खेल प्रतियोगिता है, बल्कि जिले की बेटियों के लिए सुरक्षा, स्वावलंबन और आत्मविश्वास की दिशा में एक सशक्त कदम साबित होगा।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
